उन्होंने दावा किया कि नगर परिषद में कुल 42 पार्षद होने के बावजूद चुनाव के दौरान केवल 12 पार्षद ही सदन में मौजूद थे और उन्हीं के बीच मतदान कराकर समिति का गठन कर दिया गया. इस पूरे मामले को लेकर नगर परिषद की राजनीति गरमा गई है.
- वार्ड पार्षद चक्रवर्ती चौधरी ने लगाया लोकतंत्र की हत्या का आरोप
- पैसे देकर पार्षदों को सदन से बाहर भेजने का दावा, दोबारा चुनाव कराने की मांग
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर परिषद बक्सर में स्थायी सशक्त समिति के चुनाव को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है. वार्ड पार्षद चक्रवर्ती चौधरी ने चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह अवैध बताते हुए मुख्य पार्षद कमरुन्निसा और उनके प्रतिनिधि पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया कि नगर परिषद में कुल 42 पार्षद होने के बावजूद चुनाव के दौरान केवल 12 पार्षद ही सदन में मौजूद थे और उन्हीं के बीच मतदान कराकर समिति का गठन कर दिया गया. इस पूरे मामले को लेकर नगर परिषद की राजनीति गरमा गई है.
चक्रवर्ती चौधरी ने आरोप लगाया कि मुख्य पार्षद के पति सह प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी द्वारा लगभग 30 पार्षदों को एक-एक लाख रुपये देकर सदन से बाहर भेज दिया गया, ताकि वे मतदान प्रक्रिया में हिस्सा न ले सकें. उनका कहना है कि अधिकांश महिला पार्षदों को योजनाबद्ध तरीके से वोटिंग से दूर रखा गया. उन्होंने इसे लोकतंत्र और संविधान का खुला अपमान बताते हुए कहा कि यह जनता के जनादेश की हत्या है.
वार्ड पार्षद ने नगर परिषद में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि नगर परिषद में हर महीने लाखों रुपये की कमीशनखोरी हो रही है और कुछ लोगों की संपत्ति में अचानक भारी वृद्धि हुई है. उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की.
चक्रवर्ती चौधरी ने जिला प्रशासन, राज्य निर्वाचन आयोग और संबंधित अधिकारियों से हस्तक्षेप करने की अपील करते हुए कहा कि वर्तमान चुनाव को तत्काल रद्द किया जाए और सभी 42 पार्षदों की उपस्थिति में निष्पक्ष तरीके से दोबारा चुनाव कराया जाए. इस बयान के बाद नगर परिषद की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है.
उधर, मामले में एसडीएम अविनाश कुमार ने कहा कि चुनाव की प्रक्रियाओं तहत सम्पन्न कराया गया है. अगर कोई आपत्ति है तो सक्षम प्राधिकार में अपील की जा सकती है.
मुख्य पार्षद प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद और राजनीति से प्रेरित बताया.
वीडियो :






.png)









0 Comments