जब तक आग लगने की जानकारी मिली और लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आग इतनी भयानक हो चुकी थी कि पूरी बस कुछ ही समय में राख के ढेर में बदल गई.
- दो हफ्ते में दूसरी वारदात से उठे सवाल, रंजिश या सुनियोजित साजिश की आशंका तेज
- पुलिस जांच में जुटी, ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के कटरिया गांव में देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां सड़क किनारे खड़ी एक यात्री बस को अज्ञात शरारती तत्वों ने आग के हवाले कर दिया. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस जलकर खाक हो गई. इस घटना से बस मालिक को लाखों रुपये का भारी नुकसान हुआ है और पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है.
मिली जानकारी के अनुसार, यह बस किशुनीपुर मड़निया गांव निवासी सुरेंद्र सिंह यादव की है, जो प्रतिदिन कटरिया से बक्सर के बीच यात्री सेवा में चलती थी. गुरुवार की शाम रोज की तरह चालक ने बस को कटरिया गांव में एक दरवाजे के पास सुरक्षित खड़ा किया था. लेकिन देर रात जब गांव में सन्नाटा पसरा था, तभी अज्ञात तत्वों ने बस में आग लगा दी.
ग्रामीणों के अनुसार, जब तक आग लगने की जानकारी मिली और लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आग इतनी भयानक हो चुकी थी कि पूरी बस कुछ ही समय में राख के ढेर में बदल गई. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग भी दहशत में आ गए और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था.
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. थानाध्यक्ष निवास कुमार और एसआई सुभाष कुमार ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है.
दो हफ्ते में दूसरी घटना से गहराया शक, रंजिश की आशंका
स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं. बताया जा रहा है कि करीब दो हफ्ते पहले 13 मई को बन्नी पंचायत के भरखरा गांव में भी एक खड़ी बस में आग लगाई गई थी. उस मामले में इसी बस मालिक सुरेंद्र सिंह यादव को नामजद आरोपी बनाया गया था. अब ठीक दो हफ्ते बाद उनकी ही बस जलकर खाक हो गई, जिससे ग्रामीण इसे बदले की कार्रवाई या सुनियोजित साजिश मान रहे हैं.
इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए स्थानीय नेता जयप्रकाश पटेल ने प्रशासन से निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है. उन्होंने कहा कि दोनों घटनाओं के पीछे छिपे असली दोषियों का जल्द खुलासा होना चाहिए ताकि क्षेत्र में शांति और विश्वास बहाल हो सके.
वीडियो :






.png)









0 Comments