नाव पर कुल नौ मजदूरों के साथ एक बच्ची भी सवार थी. जैसे ही नाव बीच धारा में पहुंची, संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते नाव पानी में पलट गई. अचानक हुए इस हादसे से नाव पर सवार सभी लोग नदी में गिर गए और चीख-पुकार मच गई.
- नाव पलटी, नौ मजदूरों की बची जान, 10 वर्षीय बच्ची लापता
- सरसों की कटनी पर जा रहे थे सभी, हादसे के बाद मचा हड़कंप
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जिले के सिमरी प्रखंड के लालसिंह डेरा गांव स्थित गंगा नदी के कोल में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब सरसों की कटनी करने जा रहे मजदूरों से भरी छोटी नाव अचानक पलट गई. इस घटना में नौ मजदूरों को स्थानीय लोगों की तत्परता से सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन एक 10 वर्षीय बच्ची के डूबने की आशंका जताई जा रही है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
मिली जानकारी के अनुसार, नवरंग डेरा गांव के खेतीहर मजदूर नाव पर सवार होकर गंगा नदी पार कर दूसरे किनारे सरसों की फसल काटने जा रहे थे. नाव पर कुल नौ मजदूरों के साथ एक बच्ची भी सवार थी. जैसे ही नाव बीच धारा में पहुंची, संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते नाव पानी में पलट गई. अचानक हुए इस हादसे से नाव पर सवार सभी लोग नदी में गिर गए और चीख-पुकार मच गई.
घटना को देख पास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने तुरंत साहस और मानवता का परिचय दिया. बिना देर किए कई लोग नदी में कूद पड़े और एक-एक कर नौ मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. ग्रामीणों की इस बहादुरी से बड़ी जनहानि टल गई. हालांकि, अफरातफरी के बीच एक 10 वर्षीय बच्ची लापता हो गई, जिसकी पहचान नवरंग डेरा निवासी नेहा कुमारी के रूप में की गई है.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया. प्रशासन की ओर से गोताखोरों की टीम को बुलाकर गंगा नदी के कोल में बच्ची की तलाश तेज कर दी गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर संभव प्रयास किया जा रहा है और जल्द से जल्द बच्ची का पता लगाने की कोशिश जारी है.
इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं परिजन बेसब्री से बच्ची के मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से नाव संचालन में सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके.






.png)











0 Comments