अमृत भारत ट्रेन में झपट्टा मार मोबाइल चोरी, गैंग का भंडाफोड़ RPF-GRP की संयुक्त कार्रवाई में चार गिरफ्तार, गजाधरगंज की दुकान से माल बरामद ..

अमृत भारत ट्रेन से महिला यात्री का मोबाइल झपट्टा मारकर भाग रहे एक आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा गया, जिसके बाद पूछताछ में पूरे गैंग का खुलासा हुआ और चोरी के मोबाइल खरीदने वाले दुकानदार को भी गिरफ्तार कर लिया गया.







                                 




- ब्लेड से काटकर यात्रियों का सामान चुराते थे आरोपी
- पहले भी इसी मामले में जा चुके हैं जेल

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : रेलवे में यात्रियों के सामान चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी बक्सर की संयुक्त टीम ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है. अमृत भारत ट्रेन से महिला यात्री का मोबाइल झपट्टा मारकर भाग रहे एक आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा गया, जिसके बाद पूछताछ में पूरे गैंग का खुलासा हुआ और चोरी के मोबाइल खरीदने वाले दुकानदार को भी गिरफ्तार कर लिया गया.

रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी द्वारा यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत 12 मार्च को यह कार्रवाई की गई. अमृत भारत ट्रेन संख्या 22362 में यात्रा कर रही एक महिला यात्री का मोबाइल खिड़की से झपट्टा मारकर भाग रहे गजाधरगंज निवासी सुहेल अंसारी, पिता अलाउद्दीन अंसारी को टीम ने मौके पर पकड़ लिया.

पकड़े गए आरोपी की निशानदेही और मुखबिर की सूचना पर उसके दो अन्य साथी सुहेल खान, पिता लुकमान खान निवासी गजाधरगंज तथा धर्मेंद्र कुमार, पिता रामप्रवेश सिंह निवासी कोरानसराय को स्टेशन परिसर से गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में तीनों आरोपियों ने बताया कि वे ट्रेन में यात्रियों का कीमती सामान चोरी कर मोबाइल फोन गजाधरगंज स्थित मोहम्मद नासिर की मोबाइल दुकान पर बेच देते थे.

इसके बाद पुलिस टीम ने गजाधरगंज में मोहम्मद नासिर की दुकान पर छापेमारी की. छापेमारी के दौरान पहले चोरी किए गए दो महंगे मोबाइल फोन बरामद किए गए और दुकानदार मोहम्मद नासिर को भी गिरफ्तार कर लिया गया.

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उनकी दोस्ती आरा जेल में हुई थी. उस समय भी वे ट्रेन से यात्रियों के मोबाइल चोरी के मामले में जेल गए थे. जेल से बाहर आने के बाद सभी ने मिलकर दोबारा गैंग बनाकर चोरी शुरू कर दी. आरोपियों ने यह भी बताया कि कई बार ब्लेड की सहायता से यात्रियों के बैग या पर्स काटकर सामान चुरा लेते थे.

गिरफ्तार तीनों आरोपियों और चोरी का सामान खरीदने वाले दुकानदार के विरुद्ध जीआरपी बक्सर में विधि सम्मत कार्रवाई की गई है.

यह पूरी कार्रवाई आरपीएफ बक्सर के निरीक्षक प्रभारी कुन्दन कुमार और जीआरपी प्रभारी विकास कुमार के निर्देशन में की गई. संयुक्त टीम में उप निरीक्षक विजेंद्र मुवाल, आरक्षी बृजेश कुमार सिंह, प्रधान आरक्षी राजेश कुमार तथा जीआरपी के हवलदार राजेंद्र मिश्रा सहित अन्य जवान शामिल रहे.

जब्त सामान
  • एक लेडीज पर्स (जिसमें 200 रुपये नकद)
  • चार मोबाइल फोन
  • एक ब्लेड









Post a Comment

0 Comments