गैस-पेट्रोल की कालाबाजारी पर सख्त निगरानी, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई ..

सभी गैस एजेंसियों को अपने कार्यालय में स्पष्ट रूप से दिखाई देने वाले स्थान पर सूचनापट्ट लगाने का निर्देश दिया, जिसमें प्रतिदिन गैस सिलेंडर की आमद, वितरण और शेष स्टॉक का विवरण दर्ज करना अनिवार्य होगा. 







                                 



  • एसडीएम अविनाश कुमार की अध्यक्षता में गैस एजेंसी और पेट्रोल पंप संचालकों के साथ हुई अहम बैठक
  • डोर-स्टेप गैस डिलिवरी, प्रतिदिन स्टॉक रिपोर्ट और एजेंसियों पर दंडाधिकारी-पुलिस बल तैनात करने का निर्देश

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर: मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के बीच बक्सर प्रशासन सतर्क हो गया है. इसी कड़ी में गुरुवार को अनुमंडल कार्यालय की आपूर्ति शाखा में एसडीएम अविनाश कुमार की अध्यक्षता में गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंप संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक हुई. बैठक में गैस और पेट्रोल-डीजल की जमाखोरी, कालाबाजारी और वितरण के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर कई अहम निर्देश जारी किए गए.

बैठक की शुरुआत में उपस्थित गैस एजेंसियों के प्रोपराइटर और प्रबंधकों से परिचय का आदान-प्रदान किया गया. इसके बाद विशेष शाखा, बिहार पटना से प्राप्त पत्र के संदर्भ में सभी एजेंसी संचालकों को अवगत कराया गया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण आपूर्ति प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता तथा वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी.

एसडीएम ने सभी गैस एजेंसियों को अपने कार्यालय में स्पष्ट रूप से दिखाई देने वाले स्थान पर सूचनापट्ट लगाने का निर्देश दिया, जिसमें प्रतिदिन गैस सिलेंडर की आमद, वितरण और शेष स्टॉक का विवरण दर्ज करना अनिवार्य होगा. साथ ही घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर डोर-स्टेप गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने और निर्धारित मूल्य पर ही गैस आपूर्ति करने का निर्देश दिया गया. डिलिवरी के समय उपभोक्ताओं को कैश मेमो देना भी अनिवार्य किया गया है.

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि अस्पताल, स्वास्थ्य संस्थान, जेल, शिक्षण संस्थानों के हॉस्टल और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े संस्थानों को गैस सिलेंडर की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी. किसी भी प्रकार की जमाखोरी या कालाबाजारी पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई.

गैस एजेंसी संचालकों ने बताया कि वर्तमान में गैस की कोई कमी नहीं है और ऑनलाइन बुकिंग के आधार पर उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है. हालांकि गैस की कमी की अफवाह के कारण एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ बढ़ रही है, जिससे विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो सकती है. इस पर एसडीएम ने सभी गैस एजेंसियों पर एक-एक दंडाधिकारी और पुलिस बल प्रतिनियुक्त करने का निर्देश दिया.

बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि क्षेत्र के सभी थानों की गश्ती पुलिस (112) गैस एजेंसियों पर लगातार निगरानी रखेगी. वहीं बुकिंग प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए एजेंसियों को अतिरिक्त ऑपरेटर रखने का निर्देश भी दिया गया है.

इसी क्रम में पेट्रोल-डीजल आपूर्ति व्यवस्था को लेकर भी अलग से समीक्षा बैठक की गई. इसमें पेट्रोल पंप संचालकों को प्रतिदिन पेट्रोल-डीजल के स्टॉक और वितरण का विवरण दर्ज करने तथा सुरक्षा मानकों जैसे अग्निशामक यंत्र और बालू की बाल्टी उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया.

पेट्रोल पंप संचालकों ने बैठक में बताया कि फिलहाल बक्सर अनुमंडल क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं को सामान्य रूप से आपूर्ति की जा रही है. हालांकि कुछ असामाजिक तत्व उत्तर प्रदेश से सस्ता पेट्रोल-डीजल लाकर बक्सर में बेच रहे हैं, जिससे राजस्व की क्षति हो रही है. इस पर प्रशासन ने ऐसे मामलों की सूचना तुरंत देने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया.

बैठक में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों और निरीक्षकों को भी निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों का नियमित निरीक्षण करें तथा घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग, ठेला विक्रेताओं और वाहनों के माध्यम से हो रही अवैध बिक्री की जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित करें.











Post a Comment

0 Comments