हादसे जिले में सड़क सुरक्षा और वाहन चालकों की लापरवाही की चेतावनी के रूप में सामने आए हैं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सड़क पर सावधानी बरतें और तेज गति से वाहन चलाने से बचें.
- तीव्र गति और लापरवाही ने ली युवकों की जान
- परिजनों ने शव के साथ सड़क जाम कर प्रदर्शन किया
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : सोमवार की देर शाम बक्सर जिले में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कुल तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए. दोनों घटनाओं में बाइक सवार युवकों की तेज गति और सड़क पर लापरवाही मुख्य वजह बताई जा रही है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया.
जानकारी के अनुसार, बासुदेवा थाना क्षेत्र के बीपीएस हायर सेकेंडरी स्कूल नावानगर के पास नावानगर बाजार की ओर जा रही तीन युवकों की बाइक को तेज गति से आ रही डंपर ने टक्कर मार दी. हादसे में तीनों बाइक सवार गिर गए. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां जीतवाड़ीह गांव निवासी संतोष यादव के 20 वर्षीय पुत्र अशोक कुमार को मृत घोषित कर दिया गया. अन्य दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हुए और उन्हें बेहतर इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
मृतक अशोक कुमार की मौत की खबर पर परिजन रोते हुए सीएचसी पहुंचे और शव के साथ डुमरांव-बिक्रमगंज मार्ग को जाम कर दिया. घटना की जानकारी पाकर बासुदेवा थाना की पुलिस, नावानगर थानाध्यक्ष और सिकरौल थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही थी. घायल युवकों की पहचान सिकंदर यादव के पुत्र राहुल कुमार और राजेंद्र यादव के पुत्र छोटू यादव के रूप में हुई.
दूसरी घटना सिकरौल थाना क्षेत्र के चमिला पुल पर हुई. चकिया से तिलक समारोह से लौट रहे भोजपुर जिले के आयर गांव निवासी शिव बहादुर साह के पुत्र अप्पू कुमार और दिनेश साह के पुत्र अनिश कुमार की बाइक अनियंत्रित होकर पुल से टकरा गई. इसमें अप्पू कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनिश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. थानाध्यक्ष अंकुश कुमार मंडल ने बताया कि मृतक के परिजनों द्वारा थाना में आवेदन दिया गया है और मामले की कार्रवाई जारी है.
दोनों हादसे जिले में सड़क सुरक्षा और वाहन चालकों की लापरवाही की चेतावनी के रूप में सामने आए हैं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सड़क पर सावधानी बरतें और तेज गति से वाहन चलाने से बचें.




.png)


.png)









0 Comments