मंदिर के सामने जलजमाव से लोग परेशान, निकासी नहीं होने पर बढ़ी मुश्किल ..

कहना है कि जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है, लेकिन इस ओर न तो जनप्रतिनिधियों का ध्यान है और न ही नगर परिषद के अधिकारियों की कोई सक्रियता दिख रही है.

 





                               




  • शिव शक्ति नगर में सड़क पर जमा पानी से आवागमन बाधित
  • नाली निर्माण के प्रस्ताव के बावजूद अभी राहत नहीं, टैंकर से पानी निकासी की तैयारी

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 41 स्थित जासो रोड के समीप शिव शक्ति नगर में मंदिर के सामने जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है. जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से स्थानीय लोग परेशान हैं. स्थिति ऐसी है कि न केवल आवागमन प्रभावित हो रहा है, बल्कि धार्मिक स्थल के सामने गंदा पानी जमा रहने से लोगों की भावनाएं भी आहत हो रही हैं.

बक्सर. नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 41 अंतर्गत शिव शक्ति नगर में इन दिनों जलजमाव की समस्या लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है. मोहल्ले में स्थित मां विंध्यवासिनी मंदिर और भारद्वाज इन धर्मशाला के ठीक सामने सड़क पर पानी जमा होने से स्थानीय निवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. लोगों का कहना है कि जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है, लेकिन इस ओर न तो जनप्रतिनिधियों का ध्यान है और न ही नगर परिषद के अधिकारियों की कोई सक्रियता दिख रही है.

स्थानीय निवासी ददन पांडेय ने बताया कि मंदिर के सामने सड़क पर लगातार पानी जमा रहता है. गर्मी के मौसम में भी हालात इतने खराब हैं कि बरसात के समय की स्थिति सोचकर ही लोग चिंतित हो जाते हैं. उन्होंने कहा कि पैदल चलना मुश्किल हो गया है, वहीं बाइक सवारों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

इस संबंध में वार्ड पार्षद चंदन कुमार पाठक ने बताया कि पहले मोहल्ले की नाली एक निजी जमीन में जाकर मिलती थी, जहां पूरे इलाके का पानी जमा होता था. लेकिन अब उस जमीन पर भू-स्वामी द्वारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है, जिससे जल निकासी का रास्ता बंद हो गया है. उन्होंने कहा कि नई नाली निर्माण के लिए प्रस्ताव दिया गया है और मुख्य नाला बनने के बाद ही स्थायी समाधान संभव होगा. फिलहाल जमा पानी को टैंकर के माध्यम से निकालने की व्यवस्था की जाएगी.

वहीं नगर परिषद के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि नियामतुल्लाह परिधि ने बताया कि विभागीय प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण अभी नाली निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो सका है. टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा. उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि फिलहाल नाली निर्माण के अलावा जल निकासी का कोई अन्य विकल्प नहीं है, ऐसे में स्थानीय लोगों को कुछ समय तक परेशानी झेलनी पड़ सकती है.













Post a Comment

0 Comments