इस दौरान केवल मंदिर प्रबंधन समिति के पदाधिकारी ही पूजा में शामिल होंगे और आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन-पूजन अस्थायी रूप से बंद रहेगा. विशेष पूजा संपन्न होने के बाद अपराह्न 3 बजे से मंदिर पुनः श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया जाएगा.
- दोपहर 12 से 3 बजे तक होगा विशेष पंचित पूजन, इस दौरान आम श्रद्धालुओं का प्रवेश रहेगा बंद
- महिला-पुरुषों के लिए अलग कतार, सुरक्षा और सेवा व्यवस्था में सैकड़ों स्वयंसेवक रहेंगे तैनात
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : बाईपास रोड स्थित बुढ़िया काली माई मंदिर में आयोजित होने वाला वार्षिक पंचित पूजा महोत्सव सोमवार 29 जून को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा. महोत्सव को लेकर मंदिर प्रबंधन समिति ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दर्शन, सुरक्षा और सेवा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं.
मंदिर प्रबंधन समिति के सचिव शिवकुमार खेमका ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी 19 जून से नगरवासी मां काली का जलाभिषेक, पूजन और आराधना कर रहे हैं. 29 जून को होने वाले वार्षिक पंचित पूजा महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है.
उन्होंने बताया कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक मंदिर में वार्षिक पंचित पूजा का विशेष अनुष्ठान होगा. इस दौरान केवल मंदिर प्रबंधन समिति के पदाधिकारी ही पूजा में शामिल होंगे और आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन-पूजन अस्थायी रूप से बंद रहेगा. विशेष पूजा संपन्न होने के बाद अपराह्न 3 बजे से मंदिर पुनः श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया जाएगा.
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई है. महिलाओं का प्रवेश मंदिर के बाईं ओर बाईपास मार्ग से होगा, जबकि पुरुष श्रद्धालु दाईं ओर से कतारबद्ध होकर दर्शन करेंगे. समिति के स्वयंसेवक पूरे समय श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करेंगे ताकि व्यवस्था सुचारु बनी रहे.
इस वर्ष सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी बसंत कुमार को सौंपी गई है. उनके नेतृत्व में स्वयंसेवकों की टीम मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में तैनात रहेगी. सेवा व्यवस्था के तहत शरबत एवं ठंडा पानी काउंटर की जिम्मेदारी बिट्टू केशरी, प्रसाद वितरण की जिम्मेदारी दीपक जायसवाल तथा जूता-चप्पल व्यवस्था की जिम्मेदारी मनोज गुप्ता को दी गई है. सहयोगी के रूप में विनोद वर्मा, संजय चौधरी, मुन्ना केशरी, लाल जी वर्मा, प्रमोद केशरी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता आयोजन को सफल बनाने में जुटे रहेंगे.
मंदिर प्रबंधन समिति ने नगर एवं आसपास के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित व्यवस्था का पालन करते हुए कतारबद्ध होकर दर्शन करें और शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग दें.





.png)








0 Comments