योग दिवस पर गूंजा स्वच्छ गंगा का संकल्प, 339वें रविवार को घाट पर उतरे गंगा प्रहरी ..

अभियान के दौरान लोगों से अपील की गई कि वे पूजा सामग्री, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट गंगा में न फेंकें तथा नदी की पवित्रता बनाए रखने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें. स्वच्छता अभियान के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता का संदेश भी दिया गया.

 




                              


  • अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर चौसा गंगा घाट पर चला स्वच्छता महाअभियान, लोगों को दिलाया निर्मल गंगा का संकल्प
  • आठ वर्षों से लगातार जारी है अभियान, युवाओं से सामाजिक दायित्व निभाने की अपील

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जहां देशभर में स्वास्थ्य और योग का संदेश दिया गया, वहीं चौसा में मां गंगा की स्वच्छता और संरक्षण का अनूठा संदेश भी देखने को मिला. "हर रविवार गंगा पुकार, निर्मल गंगा संकल्प हमारा" के आह्वान के साथ गंगा युवा समिति, चौसा द्वारा 339वें रविवार को गंगा स्वच्छता महाअभियान चलाया गया. सुबह सात बजे चौसा बाजार स्थित गंगा घाट पर पहुंचकर समिति के सदस्यों ने घाट की सफाई की और गंगा स्नान करने आए श्रद्धालुओं को गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने का संकल्प दिलाया.

समिति के सदस्यों ने घाट पर फैले कचरे को हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया. अभियान के दौरान लोगों से अपील की गई कि वे पूजा सामग्री, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट गंगा में न फेंकें तथा नदी की पवित्रता बनाए रखने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें. स्वच्छता अभियान के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता का संदेश भी दिया गया.

गंगा युवा समिति के संयोजक भरत पांडेय ने बताया कि यह अभियान पिछले आठ वर्षों से अधिक समय से लगातार चल रहा है. उन्होंने कहा कि मां गंगा के प्रति हर समाज और वर्ग के लोगों, विशेषकर युवाओं को आगे आना चाहिए. पढ़ाई के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भागीदारी युवाओं को नई ऊर्जा और सकारात्मक दिशा प्रदान करती है. उन्होंने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं बल्कि हमारी संस्कृति, आस्था और जीवन का आधार है, इसलिए इसकी स्वच्छता और संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है.

अभियान में शामिल लोगों ने योग दिवस के अवसर पर स्वस्थ जीवन के साथ स्वच्छ पर्यावरण का भी संकल्प लिया. कार्यक्रम में समर्पित श्रमदानी भरत पांडेय, राधेश्याम चौधरी, मंगलदेव पासवान, पप्पू चौरसिया, नीरज चौरसिया सहित अन्य सहयोगी उपस्थित रहे. समिति के इस सतत प्रयास की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया.













Post a Comment

0 Comments