पूछताछ के दौरान युवतियों ने पुलिस के समक्ष कई अहम जानकारियां दी हैं, जिसके आधार पर जांच की दिशा बदल गई है. पुलिस अब उनके बयान के आधार पर संभावित आरोपितों की तलाश और अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है.
- पुलिस के सामने दर्ज कराया अहम बयान, युवतियों के खुलासे के आधार पर आगे बढ़ी जांच
- सोमवार को न्यायालय में किया जाएगा पेश, पुलिस संभावित आरोपितों की तलाश में जुटी
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर थाना क्षेत्र के शिवपुरी में युवक की संदिग्ध मौत के मामले की जांच अब नए मोड़ पर पहुंच गई है. पुलिस हिरासत में ली गई दोनों युवतियों से लगातार पूछताछ कर रही है. पूछताछ के दौरान युवतियों ने पुलिस के समक्ष कई अहम जानकारियां दी हैं, जिसके आधार पर जांच की दिशा बदल गई है. पुलिस अब उनके बयान के आधार पर संभावित आरोपितों की तलाश और अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है.
शनिवार को शिवपुरी स्थित गौरैया बाबा के समीप एक हाते के पास भोजपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के चौसी गांव निवासी ओम पांडे का शव बरामद हुआ था. इसके बाद नगर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दो युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी.
पूछताछ में हत्या को लेकर किया अहम दावा
नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि हिरासत में ली गई युवतियों ने पूछताछ के दौरान बताया है कि युवक की हत्या उनके स्वजनों द्वारा की गई है. पुलिस उनके द्वारा दिए गए बयान की सत्यता की जांच कर रही है. साथ ही बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने और संबंधित लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है.
सोमवार को न्यायालय में होंगी पेश
थानाध्यक्ष ने बताया कि हिरासत में ली गई दोनों युवतियों को सोमवार को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा. इसके बाद न्यायालय के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर कई स्थानों पर छापेमारी और जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.
हर साक्ष्य की हो रही जांच
पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल कॉल डिटेल, तकनीकी साक्ष्य और घटनास्थल से जुटाए गए अन्य सबूतों का भी मिलान कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले हर तथ्य का सत्यापन किया जा रहा है. मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.





.png)








0 Comments