बीते दो माह के भीतर इंजन से शराब बरामद होने की यह लगातार चौथी घटना है. इससे पहले 63234 डीडीयू–पटना मेमू ट्रेन के लॉक्ड इंजन से तीन अलग-अलग मौकों पर 16.590 लीटर, 60 लीटर से अधिक और 23.125 लीटर शराब जब्त की जा चुकी है.
- दो माह में एक ही ट्रेन के लॉक्ड इंजन से चौथी कार्रवाई
- ऑपरेशन सतर्क के तहत 216 बोतल शराब जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : रेलवे ट्रेनों के इंजन को तस्करों ने सुरक्षित ठिकाना बना लिया है और एक बार फिर इंजन से शराब की बड़ी खेप बरामद हुई है. “ऑपरेशन सतर्क” के तहत आरपीएफ ने बनारस–आरा पैसेंजर ट्रेन के इंजन में छिपाकर लाई जा रही 216 बोतल यानी 107.850 लीटर शराब जब्त की है. इस दौरान तीन तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि स्टेशन परिसर से 8 लीटर शराब के साथ एक अन्य आरोपी को भी पकड़ा गया.
आरपीएफ पोस्ट कमांडर कुंदन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर 22 फरवरी की रात 23:35 बजे से 00:30 बजे तक बक्सर और टुड़ीगज स्टेशन के बीच सघन जांच अभियान चलाया गया. जांच के दौरान इंजन के भीतर अलग-अलग ब्रांड की शराब छिपाकर रखी गई मिली. जब्त शराब की अनुमानित कीमत 78,190 रुपये आंकी गई है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पटना जिला के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र निवासी गुनगुन कुमार (20 वर्ष), श्रवण कुमार (19 वर्ष) और संजय कुमार (19 वर्ष) के रूप में हुई है. वहीं बक्सर स्टेशन परिसर से 8 लीटर शराब के साथ मार्शल पुजारी (25 वर्ष), पिता - डब्लू पुजारी, पता - सोहनी पट्टी, वर्तमान पता - वीर कुंवर सिंह कालोनी, बक्सर को गिरफ्तार किया गया. सभी आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी के सुपुर्द कर दिया गया है.
गौरतलब है कि बीते दो माह के भीतर इंजन से शराब बरामद होने की यह लगातार चौथी घटना है. इससे पहले 63234 डीडीयू–पटना मेमू ट्रेन के लॉक्ड इंजन से तीन अलग-अलग मौकों पर 16.590 लीटर, 60 लीटर से अधिक और 23.125 लीटर शराब जब्त की जा चुकी है. एक ही ट्रेन और इंजन को बार-बार इस्तेमाल किया जाना संगठित नेटवर्क और संभावित अंदरूनी मदद की ओर इशारा करता है.




.png)


.png)
.gif)







0 Comments