रंग, राग और रिश्तों की महक से सराबोर हुआ ‘रंगोत्सव 2026' ..

उनके सुरों ने माहौल को पूरी तरह सुरमय बना दिया. वहीं आद्रिका, प्रियांश, अरुण कुमार, दीपक एवं विश्वास वर्मा ने भी एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर दर्शकों की भरपूर सराहना हासिल की. रंग और राग के इस संगम ने उपस्थित लोगों को देर तक बांधे रखा. 






                                         


चैंबर ऑफ कॉमर्स के होली मिलन में उमड़ा व्यापारियों और बुद्धिजीवियों का सैलाब
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, एकजुटता का दिया गया संदेश

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर में होली के उल्लास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हुए द्वारा ‘रंगोत्सव 2026’ के तहत भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया. रंग-बिरंगी सजावट, उत्सवी माहौल और आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजी इस संध्या ने शहर के प्रमुख व्यवसायियों, गणमान्य नागरिकों और पत्रकारों को एक मंच पर ला खड़ा किया. कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ और उत्साह ने यह साबित कर दिया कि होली केवल रंगों का नहीं, बल्कि रिश्तों को मजबूत करने का भी पर्व है.

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में शास्त्रीय संगीत गायिका सुकृति मिश्रा ने अपनी मधुर आवाज से ऐसा समां बांधा कि पूरा सभागार तालियों की गूंज से गूंज उठा. उनके सुरों ने माहौल को पूरी तरह सुरमय बना दिया. वहीं आद्रिका, प्रियांश, अरुण कुमार, दीपक एवं विश्वास वर्मा ने भी एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर दर्शकों की भरपूर सराहना हासिल की. रंग और राग के इस संगम ने उपस्थित लोगों को देर तक बांधे रखा.

कार्यक्रम के दौरान आपसी सौहार्द, व्यापारिक एकजुटता और सांस्कृतिक समरसता का संदेश प्रमुखता से दिया गया. चैंबर पदाधिकारियों ने कहा कि ‘रंगोत्सव’ केवल होली मिलन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में सकारात्मक संवाद, पारस्परिक सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन का प्रतीक है. ऐसे आयोजन व्यापारिक समुदाय को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करते हैं.

इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष सत्यदेव प्रसाद एवं सचिव दौलत चंद गुप्ता के नेतृत्व में आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. मीडिया प्रभारी निर्मल कुमार सिंह सहित संजय मिश्रा, रोहतास गोयल, डॉ. महेंद्र प्रसाद, गोपाल जी केशरी, अशोक कुमार सर्राफ, विनय कुमार, अमर नाथ कांस्यकार, संजय कुमार केशरी, सत्येंद्र सिंह, मंजेश कुमार, मनोज कुमार वर्मा और मोहन जी केशरी समेत लगभग 150 लोग उपस्थित रहे. अंत में सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया गया. ‘रंगोत्सव 2026’ ने होली के रंगों को जीवंत करने के साथ ही भाईचारे और एकजुटता की भावना को और सुदृढ़ कर दिया.








Post a Comment

0 Comments