स्टेशन की पुरानी व्हीलचेयर लगभग एक वर्ष से खराब पड़ी थी. इसके कारण प्लेटफार्म से बोगी तक पहुंचने में दिव्यांग, मरीज और वृद्ध यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था.
- रविशंकर श्रीवास्तव के अनुरोध पर चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स ने बढ़ाया मदद का हाथ
- एक साल से खराब पड़ी सुविधा से दिव्यांग व वृद्ध यात्रियों को थी परेशानी
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जिले के डुमरांव रेलवे स्टेशन पर लंबे समय से खराब पड़ी व्हीलचेयर के कारण दिव्यांग, बीमार और वृद्ध रेलयात्रियों को हो रही परेशानी अब दूर हो गई है. डुमरांव सबडिवीजनल चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रदीप कुमार जायसवाल ने रविवार को स्टेशन प्रबंधक अविनाश कुमार की मांग पर नई व्हीलचेयर उपलब्ध कराई. यह पहल पत्रकार रविशंकर श्रीवास्तव के अनुरोध के बाद संभव हो सकी, जिन्होंने जरूरतमंद यात्रियों की समस्या को गंभीरता से उठाया था.
मालूम हो कि स्टेशन की पुरानी व्हीलचेयर लगभग एक वर्ष से खराब पड़ी थी. इसके कारण प्लेटफार्म से बोगी तक पहुंचने में दिव्यांग, मरीज और वृद्ध यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था. स्टेशन प्रबंधक अविनाश कुमार और बीरेंद्र कुमार भी इस सुविधा को बहाल कराने के लिए प्रयासरत थे. इसी बीच रविशंकर श्रीवास्तव ने समाजसेवी प्रदीप कुमार जायसवाल से नई व्हीलचेयर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया.
प्रदीप कुमार जायसवाल ने अपनी माता स्व. शिवकुमारी देवी की पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर उनकी स्मृति में यह सेवा कार्य करते हुए न केवल मानवता का परिचय दिया, बल्कि समाज के लिए प्रेरणा भी प्रस्तुत की. उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता करना ही सच्ची श्रद्धांजलि है.
व्हीलचेयर उपलब्ध होने पर स्टेशन प्रबंधक अविनाश कुमार ने चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एवं प्रदीप जायसवाल के प्रति आभार जताया. इस अवसर पर सचिव शत्रुघ्न प्रसाद गुप्ता उर्फ मोहन कुमार, बीरेंद्र कुमार, सोनू कुमार और अब्दुल रहमान खान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.




.png)


.png)
.gif)







0 Comments