बक्सर की पूर्व सीओ निधि ज्योत्सना बनीं एसडीएम, 70वीं बीपीएससी में हासिल की सफलता ..

वर्तमान में वह रोहतास जिले के अकोढ़ी गोला में अंचलाधिकारी के रूप में कार्यरत हैं. अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने प्रशासनिक दक्षता, जनसमस्याओं के समाधान और बेहतर कार्यशैली के कारण लोगों के बीच विशेष पहचान बनाई.

 





  • बक्सर में अंचलाधिकारी के रूप में निभा चुकी हैं जिम्मेदारी, वर्तमान में अकोढ़ी गोला में हैं पदस्थापित
  • बक्सर की बेटी ने बढ़ाया जिले का मान, आरा में रहकर हासिल की बड़ी उपलब्धि

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर जिले की पूर्व अंचलाधिकारी (सीओ) निधि ज्योत्सना ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में सफलता प्राप्त कर एसडीएम रैंक हासिल किया है. उनकी इस उपलब्धि से प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मियों तथा आम लोगों में खुशी का माहौल है.

निधि ज्योत्सना का पैतृक गांव बक्सर जिले के सदर प्रखंड में ही है. उनके दादा लालधारी राम तथा पिता जयराम दास हैं. वर्तमान में उनका परिवार आरा में रहता है. क्षेत्र की बेटी की इस सफलता से गांव और आसपास के इलाकों में उत्साह और गर्व का माहौल है.

निधि ज्योत्सना इससे पहले बक्सर में अंचलाधिकारी के पद पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं. वर्तमान में वह रोहतास जिले के अकोढ़ी गोला में अंचलाधिकारी के रूप में कार्यरत हैं. अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने प्रशासनिक दक्षता, जनसमस्याओं के समाधान और बेहतर कार्यशैली के कारण लोगों के बीच विशेष पहचान बनाई.

प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ उन्होंने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी भी जारी रखी. कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर एसडीएम रैंक प्राप्त किया. उनकी यह उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो नौकरी के साथ-साथ उच्च प्रशासनिक पदों तक पहुंचने का सपना देखते हैं.

उनकी सफलता की खबर मिलते ही बक्सर, आरा और लक्ष्मीपुर (कृतपुरा) सहित विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. लोगों का कहना है कि उनकी यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है.

निधि ज्योत्सना की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि निरंतर मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है. उनकी उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है.













Post a Comment

0 Comments