वीडियो बनाने की जिद बनी काल, ठोरा नदी ने निगल ली तीन किशोरों की जिंदगी ..

बताया कि उसके दोस्तों ने उसे मोबाइल देकर वीडियो बनाने को कहा था. इसी दौरान वे हाथ पकड़कर आगे बढ़े और गहरे पानी में चले गए. कल्याण को तैरना नहीं आता था, इसलिए वह उन्हें बचाने की कोशिश नहीं कर सका. 


 




                              




  • सरसती गांव के चार दोस्त नहाने पहुंचे थे नदी, गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
  • एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाले गए शव, पूरे गांव में पसरा मातम

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : ठोरा नदी में नहाने गए चार दोस्तों की मस्ती कुछ ही पलों में मातम में बदल गई. वीडियो बनाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से तीन किशोरों की डूबकर मौत हो गई. हृदयविदारक घटना गुरुवार दोपहर इटाढ़ी थाना क्षेत्र के सरसती गांव में हुई. हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.

जानकारी के अनुसार सरसती गांव के चार किशोर परिजनों को बिना बताए गांव के पास स्थित ठोरा नदी में नहाने पहुंचे थे. नहाने के दौरान तीन किशोर वीडियो बनाने के चक्कर में नदी के गहरे हिस्से में चले गए. देखते ही देखते तीनों पानी में डूबने लगे. उनके साथ मौजूद चौथा दोस्त कल्याण शर्मा नदी किनारे था. उसने बताया कि उसके दोस्तों ने उसे मोबाइल देकर वीडियो बनाने को कहा था. इसी दौरान वे हाथ पकड़कर आगे बढ़े और गहरे पानी में चले गए. कल्याण को तैरना नहीं आता था, इसलिए वह उन्हें बचाने की कोशिश नहीं कर सका. उसने दौड़कर गांव पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी.

सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन नदी किनारे पहुंचे. स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब एक घंटे तक चले खोज अभियान के बाद तीनों किशोरों को पानी से बाहर निकाला गया. उन्हें तत्काल बक्सर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.

मृतकों की पहचान सरसती डेरा निवासी शमर कुमार शर्मा (13), कृष्णा कुमार राम (15) और धर्मवीर कुमार (14) के रूप में हुई है. शमर कुमार शर्मा रत्नेश कुमार शर्मा के पुत्र थे और छठी कक्षा में पढ़ते थे. उनके पिता बाइक मैकेनिक हैं. कृष्णा कुमार राम स्वर्गीय सुरेंद्र प्रसाद राम के पुत्र थे और नौवीं कक्षा के छात्र थे. उनके पिता पूर्व में इटाढ़ी सीओ के चालक रह चुके थे. धर्मवीर कुमार धर्मेंद्र यादव के पुत्र थे, जिनके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं.

इटाढ़ी थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि सभी बच्चे नदी में नहाने गए थे. तीनों शव बरामद कर लिए गए हैं. चिकित्सकों द्वारा मौत की पुष्टि के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवारों को सरकारी मुआवजा देने की मांग प्रशासन से की है.













Post a Comment

0 Comments