शुभ घड़ी आते ही भगवान श्रीराम के साथ उनके भाइयों के जन्म की झांकी सजाई गई. श्रद्धालुओं ने पारंपरिक भक्ति गीतों के साथ प्रभु का अभिषेक किया और पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई.
- दोपहर के शुभ मुहूर्त पर मंदिरों में उमड़ी आस्था, शंख-घंटों से गूंजा वातावरण
- यमुना चौक स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में वैदिक अनुष्ठान, श्रद्धालुओं में बंटा प्रसाद
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : शुक्रवार को रामनवमी के पावन अवसर पर दोपहर 12 बजे जैसे ही प्रभु श्रीराम के जन्म का शुभ समय आया, पूरे शहर की रफ्तार मानो कुछ पल के लिए ठहर गई. उसी क्षण मठ-मंदिरों में एक साथ गूंजे घंटे-घड़ियाल और शंखध्वनि ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया. चारों ओर ‘जय श्रीराम’ के जयघोष के साथ सोहर और बधाई गीतों की स्वर लहरियां फैल गईं, जिससे हर गली और चौक आस्था के रंग में रंगा नजर आया.
शहर के विभिन्न मंदिरों में जन्मोत्सव को लेकर विशेष तैयारियां की गई थीं. शुभ घड़ी आते ही भगवान श्रीराम के साथ उनके भाइयों के जन्म की झांकी सजाई गई. श्रद्धालुओं ने पारंपरिक भक्ति गीतों के साथ प्रभु का अभिषेक किया और पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई. वातावरण में भक्ति, उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला.
यमुना चौक के समीप स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर में भी यह अवसर विशेष उत्साह के साथ मनाया गया. आयोजन का संचालन ईशान त्रिवेदी के नेतृत्व में हुआ, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जन्मोत्सव की रस्में पूरी की गईं. श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से स्तुति गान किया और भगवान श्रीराम के प्रकट होने की खुशियां साझा कीं.
पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया. पूरे दिन यहां भक्ति कार्यक्रमों का सिलसिला चलता रहा, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया.
इस अवसर पर बिमलेश पाठक, रमाकांत तिवारी, अभिषेक वर्मा, बजरंगी मिश्रा, अमित चौरसिया, आशीष चौरसिया, राजेश महाराज, गुप्तेश्वर चौबे, सौरभ मिश्रा, अमरेंद्र दुबे, वासु गुप्ता सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे.






.png)











0 Comments