स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षक प्रभारी ने तुरंत डुमरांव स्टेशन पर तैनात आरपीएफ के आरक्षी राजमुकुल कुमार और प्रधान आरक्षी मुकेश रोशन को अलर्ट किया.
- बम की सूचना पर आरपीएफ और जीआरपी में मचा हड़कंप, डुमरांव स्टेशन पर रोकी गई ट्रेन
- महिला ने शरीर से बांध रखी थी शराब, बम जैसी आकृति देख सहयात्री ने दी थी सूचना
बक्सर टॉप न्यूज़,बक्सर : जनशताब्दी एक्सप्रेस में बम होने की सूचना से बुधवार को रेलवे प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि, जब आरपीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच की, तो मामला पूरी तरह अलग निकला. बम की जगह एक महिला के पास से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई.
रेलवे सुरक्षा बल बक्सर के निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार को दानापुर सुरक्षा नियंत्रण कक्ष से सूचना मिली कि गाड़ी संख्या 15125 जनशताब्दी एक्सप्रेस के डी-15 कोच में एक महिला के शरीर पर बम बंधा हुआ है. यह सूचना एक महिला यात्री द्वारा दी गई थी. सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया, लेकिन तब तक ट्रेन बक्सर स्टेशन से आगे निकल चुकी थी.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षक प्रभारी ने तुरंत डुमरांव स्टेशन पर तैनात आरपीएफ के आरक्षी राजमुकुल कुमार और प्रधान आरक्षी मुकेश रोशन को अलर्ट किया. उन्हें निर्देश दिया गया कि ट्रेन के पहुंचते ही संदिग्ध कोच की गहन तलाशी ली जाए. इसके लिए महिला रेलकर्मी चंद्रावती देवी को भी साथ रखा गया.
डुमरांव स्टेशन पर ट्रेन पहुंचते ही आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने डी-15 कोच में सघन जांच शुरू की. तलाशी के दौरान ममता कुमारी (29 वर्ष), पति जितेंद्र कुमार, निवासी बिहिया (भोजपुर) को संदिग्ध स्थिति में पकड़ा गया. महिला रेलकर्मी की मदद से जब जांच की गई, तो उसके शरीर से छुपाकर रखी गई 14 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई.
जांच में स्पष्ट हुआ कि महिला ने शराब को इस तरह अपने शरीर से बांध रखा था कि वह बाहर से देखने में बम जैसा प्रतीत हो रहा था. इसी वजह से सहयात्री को शक हुआ और उसने बम की सूचना दे दी.
आरपीएफ ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर महिला को बक्सर लाया, जहां आगे की कार्रवाई के लिए उसे जीआरपी बक्सर को सौंप दिया गया है. इस घटना के बाद ट्रेन में फैली दहशत भी समाप्त हो गई.






.png)











0 Comments