बनारपुर में आधी रात कार्रवाई पर बवाल, गिरफ्तारी के बाद सड़क जाम ..

ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया गया. लोगों का आरोप है कि पुलिस ने आधी रात को घर का दरवाजा और खिड़की तोड़कर कार्रवाई की, जिससे गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया है.

गिरफ्तारी के दौरान तोड़ा गया दरवाजा तथा खिड़की, विरोध में सड़क जाम करते लोग 
 





                               


- गोलीबारी मामले में अमित तिवारी की गिरफ्तारी, पुलिस पर दरवाजा-खिड़की तोड़ने का आरोप
- ग्रामीणों का आरोप—पीड़ित को बनाया आरोपी, वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बनारपुर गांव में दो दिन पूर्व हुई गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस कार्रवाई ने नया विवाद खड़ा कर दिया है. बुधवार की देर रात पुलिस द्वारा बनारपुर निवासी अमित तिवारी की गिरफ्तारी के बाद गुरुवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया गया. लोगों का आरोप है कि पुलिस ने आधी रात को घर का दरवाजा और खिड़की तोड़कर कार्रवाई की, जिससे गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया है.
गोलीबारी के दिन गांव में गाड़ियों का काफिला 

बताया जा रहा है कि राजपुर थाना क्षेत्र के जलहरा गांव निवासी आनंद राय अपने समर्थकों के साथ बनारपुर पहुंचे थे, जहां गोलीबारी की घटना हुई थी. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अमित तिवारी को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह पक्षपातपूर्ण है और कानून के खिलाफ है. उनका दावा है कि जिस व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, वह खुद इस घटना का पीड़ित है.

ग्रामीणों के अनुसार, घटना के समय अमित तिवारी अपने कार्यस्थल थर्मल पावर प्लांट में ड्यूटी पर थे, इसके बावजूद उन्हें आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया गया. लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें “आतंकवादी की तरह” आधी रात को घर से उठाया, जो पूरी तरह गलत है. इसी को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए.

वहीं दूसरी ओर, इस मामले में एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि गोलीबारी की घटना में दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज की गई है. उसी के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी की है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

फिलहाल गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है.












Post a Comment

0 Comments