महिलाओं ने लिया संकल्प, बाबा साहेब के विचारों को जीवन में उतारने का आह्वान ..

उपस्थित महिलाओं को उनके जीवन, संघर्ष और संविधान निर्माण में उनके अमूल्य योगदान के बारे में विस्तार से बताया गया. वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब ने समाज के वंचित वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए जो संघर्ष किया, वह आज भी प्रेरणादायक है.


 





                               

  • गोला बाजार में महिला मोर्चा का आयोजन, बड़ी संख्या में जुटीं महिलाएं
  • कंचन देवी बोलीं—अधिकारों के प्रति जागरूकता ही सच्ची श्रद्धांजलि
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : गोला बाजार स्थित अस्कामिनी माता मंदिर के प्रांगण में भाजपा महिला मोर्चा ने अनुसूचित समाज की महिलाओं के साथ बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाते हुए उनके विचारों को अपनाने का संकल्प लिया. कार्यक्रम का नेतृत्व महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष कंचन देवी ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया.

कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई. इसके बाद उपस्थित महिलाओं को उनके जीवन, संघर्ष और संविधान निर्माण में उनके अमूल्य योगदान के बारे में विस्तार से बताया गया. वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब ने समाज के वंचित वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए जो संघर्ष किया, वह आज भी प्रेरणादायक है.

इस मौके पर कंचन देवी ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचार आज भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं. उन्होंने कहा कि महिलाओं और समाज के कमजोर वर्गों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए और शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ना चाहिए. कंचन देवी ने जोर देते हुए कहा कि संविधान में दिए गए अधिकारों को समझना और उन्हें अपने जीवन में उतारना ही बाबा साहेब को सच्ची श्रद्धांजलि होगी.

कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने भी अपने विचार साझा किए और बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया. अंत में सभी ने सामाजिक समरसता और समानता को बढ़ावा देने का संकल्प लेते हुए कार्यक्रम का समापन किया.












Post a Comment

0 Comments