बक्सर में सोमवार से बुलडोजर एक्शन, ढहाए जाएंगे अवैध निर्माण ..

जिला आयोजना क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृति के कोई भी निर्माण अब दंडनीय अपराध की श्रेणी में आएगा. ऐसे मामलों में भवन को सील करने, ध्वस्तीकरण करने और संबंधित व्यक्ति पर भारी जुर्माना लगाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी.





                               


  • बिना स्वीकृत नक्शे के निर्माण पर नगर प्रशासन सख्त, सीलिंग और जुर्माने की तैयारी
  • निरीक्षण टीम गठित, टाउन प्लानर से लेकर पुलिस बल तक रहेगा साथ

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : नगर में अवैध निर्माण के खिलाफ अब बड़ा अभियान शुरू होने जा रहा है. जिला पदाधिकारी के निर्देश पर सोमवार से नगर परिषद बक्सर द्वारा बुलडोजर एक्शन चलाया जाएगा, जिसमें बिना स्वीकृत नक्शे या पूर्व अनुमति के बने निर्माणों को चिन्हित कर ढहाने की कार्रवाई की जाएगी.

नगर परिषद ने साफ किया है कि बिहार बिल्डिंग बाय-लॉज के तहत बक्सर जिला आयोजना क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृति के कोई भी निर्माण अब दंडनीय अपराध की श्रेणी में आएगा. ऐसे मामलों में भवन को सील करने, ध्वस्तीकरण करने और संबंधित व्यक्ति पर भारी जुर्माना लगाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी.

इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए एक विशेष औचक निरीक्षण दल का गठन किया गया है. इसमें टाउन प्लानर तकनीकी जांच और नियम उल्लंघन की पुष्टि करेंगे, जबकि वास्तुविद निर्माण की संरचनात्मक वैधता का परीक्षण करेंगे. वहीं पुलिस बल को भी तैनात किया जाएगा, ताकि कार्रवाई के दौरान शांति व्यवस्था बनी रहे.

नगर परिषद ने नागरिकों को चेतावनी देते हुए कहा है कि किसी भी नए निर्माण या पुराने भवन में बदलाव से पहले परिषद से अनुमति लेना अनिवार्य होगा. बिना सूचना या स्वीकृत नक्शे के निर्माण को अवैध मानते हुए तुरंत कार्रवाई की जाएगी.

नगर प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और निर्माण से पहले सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करें, ताकि भविष्य में किसी भी कानूनी परेशानी या आर्थिक नुकसान से बचा जा सके.

इस संबंध में नगर परिषद के मीडिया प्रभारी सह स्वच्छ भारत मिशन के अधिकारी रवि कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि शहर को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए यह अभियान जरूरी है और इसमें सभी नागरिकों का सहयोग अपेक्षित है.














Post a Comment

0 Comments