जिला परिवहन पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर व डुमरांव को दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर रिपोर्ट देने को कहा गया. साथ ही सभी थानाध्यक्षों को नशीले पदार्थों के सेवन पर रोक और नियमित छापेमारी के निर्देश दिए गए.

हॉटस्पॉट चिन्हित कर सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण का निर्देश, नशीले पदार्थों पर सख्ती
हीट वेव से राहत, सूर्य घर योजना और पंचायत शिविरों के कार्यों में तेजी लाने पर जोर
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : समाहरणालय परिसर में सोमवार को जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में आयोजित जिला समन्वय समिति की बैठक में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार पर कड़ा रुख अपनाया गया. खेल मैदान निर्माण की समीक्षा में कार्य अधूरा पाए जाने पर डीएम ने मनरेगा के जिला परियोजना पदाधिकारी से स्पष्टीकरण मांगते हुए तत्काल कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया.
बैठक में सड़क हादसों पर नियंत्रण को लेकर जिला परिवहन पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर व डुमरांव को दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर रिपोर्ट देने को कहा गया. साथ ही सभी थानाध्यक्षों को नशीले पदार्थों के सेवन पर रोक और नियमित छापेमारी के निर्देश दिए गए.
सूर्य घर योजना में ऋण स्वीकृति तेज करने पर जोर
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा में बैंकिंग शाखा को सभी बैंकों के साथ समन्वय कर लंबित आवेदनों पर शीघ्र ऋण स्वीकृत करने का निर्देश दिया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग योजना का लाभ उठा सकें.
पंचायत शिविरों में आवेदनों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
पंचायत स्तर पर आयोजित शिविरों के माध्यम से जॉब कार्ड, आधार कार्ड और राशन कार्ड से जुड़े आवेदनों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए.
ज्ञान भारतम मिशन में सर्वे बढ़ाने और निगरानी तेज करने का निर्देश
ज्ञान भारतम मिशन के तहत सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को सर्वे की संख्या बढ़ाने को कहा गया. इसके साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर और डुमराँव को कार्य की नियमित निगरानी करने का जिम्मा सौंपा गया, जबकि उप विकास आयुक्त के प्रयासों की सराहना की गई.
हीट वेव से निपटने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों पर व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश
हीट वेव के मद्देनजर सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर पेयजल और बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया, ताकि बच्चों और महिलाओं को राहत मिल सके.
पशु शेड और कैटल ट्रंक की जांच के निर्देश
पशुओं के शेड और कैटल ट्रंक में पेयजल की उपलब्धता की जांच कर अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर व डुमराँव को रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया, ताकि गर्मी के दौरान पशुओं को परेशानी न हो.
सिमरी में क्षतिग्रस्त पाइपों की मरम्मत जल्द कराने का निर्देश
सिमरी प्रखंड में सड़क चौड़ीकरण के दौरान क्षतिग्रस्त हुए पाइपों की मरम्मत के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर शीघ्र कार्य पूरा करने को कहा गया.
अवैध नाव परिचालन पर रोक और सुरक्षा उपाय अनिवार्य
अवैध नाव संचालन पर रोक लगाने के लिए नाव चालकों का निबंधन कराने और नावों में जीवन रक्षक जैकेट सहित सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरण रखने के निर्देश दिए गए.
पंचायत चुनाव को लेकर सड़क और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश
पंचायत चुनाव के मद्देनजर ईवीएम वेयरहाउस के पास की सड़क की मरम्मत और आसपास के नालों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि चुनाव प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके.
जनता दरबार के आवेदनों के शत-प्रतिशत निष्पादन का लक्ष्य
डीएम ने 30 अप्रैल तक प्राप्त जनता दरबार और अन्य माध्यमों से आए सभी आवेदनों का जुलाई माह तक शत-प्रतिशत निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी से कार्य करने की हिदायत दी.
















0 Comments