बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. मृतक के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है. 





                              


- मृतक के पिता के बयान पर अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध दर्ज हुआ मामला.
- दो युवतियों से देर रात तक पूछताछ, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों का इंतजार.

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले में युवक का शव मिलने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. मृतक के पिता के बयान पर नगर थाना में अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. इसके साथ ही पुलिस पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच में जुटी हुई है.

मृतक की पहचान भोजपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के चौसी गांव निवासी कमलेश पांडे के पुत्र ओम पांडे के रूप में हुई थी. वह स्नातक में नामांकन कराने के लिए बक्सर आया था. शनिवार की सुबह शिवपुरी स्थित गौरैया बाबा के समीप एक हाते के पास उसका शव बरामद हुआ था. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी.

दो युवतियों से जारी है पूछताछ

नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच के क्रम में पुलिस ने दो युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है. शनिवार की रात तक दोनों से पूछताछ जारी रही. पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है.

हर पहलू से हो रही जांच

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि युवक एक लड़की से मिलने के लिए उस इलाके में आया था. हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या है, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है. पुलिस हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट होगी अहम

थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. मृतक के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा. फिलहाल अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध दर्ज प्राथमिकी के आधार पर मामले की तफ्तीश तेज कर दी गई है.