राष्ट्रीय दौड़ में बिहार का स्वर्णिम धमाका, फाउंडेशन स्कूल के रिशु कुमार बने चैंपियन ..

बताया कि रिशु कुमार इसी शैक्षणिक वर्ष में आयोजित विद्यालय के वार्षिक खेलकूद समारोह में ‘स्पोर्ट्समैन ऑफ द ईयर’ का सम्मान भी प्राप्त कर चुके हैं. उनका कहना है कि रिशु की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी.

 






                                         


  • मध्य प्रदेश में आयोजित 100 मीटर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार जीत
  • विद्यालय के कक्षा नवमी के छात्र ने बढ़ाया जिले और बिहार का मान 

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : फाउंडेशन स्कूल के लिए यह उपलब्धि गर्व का विषय बन गई है. विद्यालय के कक्षा नवमी के छात्र रिशु कुमार ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित 100 मीटर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर बिहार, अपने जिले और विद्यालय का नाम रोशन किया है. यह प्रतियोगिता मध्य प्रदेश के भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में आयोजित की गई थी, जहाँ रिशु कुमार ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया.

प्रतियोगिता के दौरान रिशु कुमार ने शुरुआत से ही अपनी तेज रफ्तार और दमखम का परिचय दिया. फाइनल रेस में उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया. उल्लेखनीय है कि रिशु का चयन पहले ही राष्ट्रीय स्तर के 100 मीटर एथलीट के रूप में हो चुका था और इस जीत ने उनकी प्रतिभा पर एक बार फिर मुहर लगा दी है.

विद्यालय के प्रधानाचार्य और खेल शिक्षकों ने बताया कि रिशु कुमार इसी शैक्षणिक वर्ष में आयोजित विद्यालय के वार्षिक खेलकूद समारोह में ‘स्पोर्ट्समैन ऑफ द ईयर’ का सम्मान भी प्राप्त कर चुके हैं. उनका कहना है कि रिशु की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी.

प्रधानाचार्य ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम है. शिक्षकों के मार्गदर्शन, विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत और अभिभावकों के सहयोग से ऐसे उत्कृष्ट परिणाम सामने आ रहे हैं. उन्होंने यह भी बताया कि चालू शैक्षणिक सत्र में फाउंडेशन स्कूल का यह पाँचवाँ विद्यार्थी है, जिसने बिहार की विभिन्न खेल टीमों का प्रतिनिधित्व किया है.

स्वर्ण पदक जीतने की खबर मिलते ही विद्यालय परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई. शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने रिशु कुमार की इस ऐतिहासिक सफलता पर हर्ष व्यक्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. विद्यालय प्रबंधन ने भरोसा जताया कि फाउंडेशन स्कूल आगे भी शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद और एनसीसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के अवसर देता रहेगा.








Post a Comment

0 Comments