शादी में हर्ष फायरिंग पड़ी भारी, छह युवक चढ़े पुलिस के हत्थे ..

विवाह समारोह में अवैध हथियार से की जा रही फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की और छह युवकों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियार व कारतूस बरामद कर सभी को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया.







                                         


  • नाच कार्यक्रम के दौरान अवैध हथियार से हो रही थी गोलीबारी
  • दो देसी कट्टा, कारतूस और तीन मोटरसाइकिल बरामद

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : बगेन गोला थाना क्षेत्र के भादा गांव में एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग करना छह युवकों को महंगा पड़ गया. विवाह समारोह में अवैध हथियार से की जा रही फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की और छह युवकों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियार व कारतूस बरामद कर सभी को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया.

जानकारी के अनुसार 25 फरवरी 2026 को बगेनगोला थाना को सूचना मिली कि रामेश्वर साह की पुत्री के विवाह समारोह में कुछ युवक हथियार लेकर पहुंचे हैं. नाच कार्यक्रम के दौरान वे खुलेआम हर्ष फायरिंग कर रहे हैं, जिससे समारोह स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर डुमरांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पोलस्त कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया.

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समारोह स्थल पर छापेमारी की. इस दौरान घटनास्थल से संदेश कुमार को गिरफ्तार किया गया. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने धीरज पांडेय, सोनू यादव, विंध्याचल कुमार, विकास कुमार और रजनीश कुमार को भी दबोच लिया.

पुलिस ने गिरफ्तार युवकों के पास से दो देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक मिस फायर कारतूस तथा तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं. सभी आरोपियों के खिलाफ अवैध हथियार रखने और सार्वजनिक समारोह में फायरिंग करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है.

एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक आयोजनों में हर्ष फायरिंग करना कानूनन अपराध है और इससे किसी की जान भी जा सकती है. ऐसे मामलों में किसी को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.








Post a Comment

0 Comments