घर में घुसकर लूट, किशोर का अपहरण… फिर बरामदगी से खुली कहानी ..

उनके सिर में चोट लगी और वे बेहोश हो गईं. होश आने पर उन्होंने देखा कि उनका बेटा गायब है और कमरे से 50 हजार रुपये नकद भी नहीं हैं.  






                               




  • मां को धक्का देकर घायल किया, 50 हजार रुपये भी ले गए बदमाश
  • सिमरी पुलिस की मदद से मिला किशोर, पुलिस ने आपसी विवाद की जताई आशंका

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर के चरित्रवन इलाके में शुक्रवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात में हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर लूटपाट की और 14 वर्षीय किशोर का अपहरण कर लिया. घटना के दौरान बेटे को बचाने आई मां को धक्का देकर घायल कर दिया गया. हालांकि, कुछ ही घंटों में पुलिस ने सिमरी थाने की पुलिस की मदद से किशोर को बरामद कर लिया. मामले में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

घटना कौटिल्य नगर मोहल्ले की है, जहां किराए के मकान में रहने वाली पूनम देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि शुक्रवार करीब 11:45 बजे वह रसोई में काम कर रही थीं, तभी अचानक तीन युवक कट्टा लेकर घर में घुस आए. आरोप है कि दुधीपट्टी, सिमरी निवासी रिंटू राय, नारायण राय और संजय राय ने उनके बेटे पीयूष कुमार राय के साथ मारपीट शुरू कर दी.

बेटे की चीख सुनकर जब पूनम देवी उसे बचाने पहुंचीं, तो आरोपियों ने उन्हें जोरदार धक्का दे दिया. इससे उनके सिर में चोट लगी और वे बेहोश हो गईं. होश आने पर उन्होंने देखा कि उनका बेटा गायब है और कमरे से 50 हजार रुपये नकद भी नहीं हैं. पीड़िता का आरोप है कि बदमाशों ने ही पैसे लूटे और बेटे का अपहरण कर लिया.

इतना ही नहीं, आरोपियों ने धमकी भी दी कि यदि पुलिस में शिकायत की गई तो किशोर की हत्या कर दी जाएगी. घटना के बाद परिजनों में दहशत का माहौल बन गया.

इधर, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और सिमरी थाना पुलिस के सहयोग से किशोर को बरामद कर लिया गया. पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है.














Post a Comment

0 Comments