जमीनी विवाद में खून से लाल हुआ रिश्ता, भाई ने की भाई की हत्या ..

एक भाई ने अपने ही सगे भाई, भौजाई और भतीजे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. इस हमले में बड़े भाई अक्षयवर लाल की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं.


 





                               

  • धारदार हथियार से वार में बड़े भाई अक्षयवर लाल की मौत, पत्नी और बेटा गंभीर घायल
  • घटना के बाद गांव में दहशत, पुलिस ने आरोपी को मौके से किया गिरफ्तार

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के मुरार थाना क्षेत्र के बंजरिया गांव में रविवार सुबह जमीनी विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जब एक भाई ने अपने ही सगे भाई, भौजाई और भतीजे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. इस हमले में बड़े भाई अक्षयवर लाल की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं.

इस बाबत मिली जानकारी के अनुसार मुरार थाना क्षेत्र के कोन्ही बंजरिया गांव में वर्षों से चल रहे जमीनी विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया. बताया जाता है कि कृष्णा यादव (35 वर्ष), पिता रामाशीष यादव का अपने सगे भाई अक्षयवर लाल (55 वर्ष) से लंबे समय से विवाद चल रहा था.

रविवार सुबह दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते उग्र झगड़े में बदल गई. इसी दौरान कृष्णा यादव ने पास में रखा हंसुआ उठाकर अपने भाई अक्षयवर लाल, उनकी पत्नी मीना देवी (50 वर्ष) और बेटे विकास कुमार (18 वर्ष) पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया.

हमले में अक्षयवर लाल की बांह कट गई, जबकि मीना देवी और विकास कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को तत्काल चौगाईं पीएचसी पहुंचाया.

चिकित्सकों ने अक्षयवर लाल की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें बक्सर सदर अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही उनकी मौत हो गई. वहीं अन्य दोनों घायलों का इलाज जारी है.

घटना की सूचना मिलते ही मुरार थाने पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कृष्णा यादव को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में जमीनी विवाद को ही घटना का मुख्य कारण बताया जा रहा है. मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है.














Post a Comment

0 Comments