भीषण गर्मी के बावजूद सैकड़ों मजदूर लगातार काम कर रहे हैं. कार्य की गति बढ़ाने के लिए आधुनिक मशीनों, क्रेन और अन्य उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि कम समय में अधिक कार्य पूरा किया जा सके.
- राजधानी समेत द्रुतगामी ट्रेनों को मिलेगी सामान्य गति
- भीषण गर्मी में सैकड़ों मजदूर और अधिकारी युद्धस्तर पर जुटे
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : स्थानीय रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर पर नहर के ऊपर बने रेलवे पुल के पुनर्स्थापन का कार्य मेगा ब्लॉक के दौरान तेजी से किया जा रहा है. इस कार्य के पूरा होते ही राजधानी सहित अन्य द्रुत गति से चलने वाली ट्रेनों को उनकी सामान्य रफ्तार से चलाया जा सकेगा, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और रेल परिचालन अधिक सुचारू हो सकेगा.
अब तक पुल की जर्जर स्थिति के कारण तेज रफ्तार ट्रेनों को यहां से गुजरते समय धीमी गति अपनानी पड़ती थी. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने इस कार्य को प्राथमिकता दी और मेगा ब्लॉक का लाभ उठाकर इसे तेजी से पूरा करने की दिशा में काम शुरू किया.
रेल यातायात निरीक्षक विंध्याचल पाण्डेय ने बताया कि नेउरा स्टेशन पर सिग्नल से जुड़े कार्यों के चलते लगाए गए मेगा ब्लॉक के दौरान बक्सर-चौसा रेलखंड पर एक साथ कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं. इसी क्रम में पुल के पुनर्स्थापन का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है.
उन्होंने बताया कि इस अभियान में रेलवे के दो दर्जन से अधिक अधिकारी और कर्मचारी लगे हुए हैं. भीषण गर्मी के बावजूद सैकड़ों मजदूर लगातार काम कर रहे हैं. कार्य की गति बढ़ाने के लिए आधुनिक मशीनों, क्रेन और अन्य उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि कम समय में अधिक कार्य पूरा किया जा सके.
रेलवे का लक्ष्य है कि जल्द से जल्द इस कार्य को पूरा कर ट्रेनों की आवाजाही को पूरी तरह सामान्य कर दिया जाए. मौके पर स्टेशन प्रबंधक रजत सक्सेना सहित तकनीकी शाखा के कई अधिकारी मौजूद रहकर कार्य की निगरानी कर रहे हैं.






.png)











0 Comments