कहा कि नगर क्षेत्र में आवश्यकता के अनुसार हाई मास्ट लाइट लगाने की स्वीकृति दी गई है, जिससे चौसा की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर रोशनी की बेहतर व्यवस्था हो सकेगी.
![]() |
| बैठक करती नगर पंचायत अध्यक्ष व अन्य |
- सशक्त स्थायी समिति की बैठक में कई योजनाओं को मिली हरी झंडी
- शहीद सुनील यादव के नाम पर तोरण द्वार और चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण का निर्णय
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जिले के चौसा नगर पंचायत में विकास कार्यों को नई गति देने के लिए सोमवार को आयोजित सशक्त स्थायी समिति की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए. बैठक में नगर क्षेत्र में रोशनी, पेयजल, सफाई और सौंदर्यीकरण से जुड़ी योजनाओं को सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई. बैठक मुख्य पार्षद किरण देवी की अध्यक्षता में संपन्न हुई. बैठक का संचालन कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी ने किया.
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य पार्षद किरण देवी ने कहा कि नगर क्षेत्र में आवश्यकता के अनुसार हाई मास्ट लाइट लगाने की स्वीकृति दी गई है, जिससे चौसा की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर रोशनी की बेहतर व्यवस्था हो सकेगी. इसके साथ ही गर्मी को देखते हुए विभिन्न वार्डों में आम लोगों के लिए समरसेबल के साथ पानी की टंकी लगाने का निर्णय लिया गया है.
उन्होंने बताया कि जिन क्षेत्रों में पीएचईडी द्वारा पाइपलाइन नहीं बिछाई गई है, वहां चापाकल लगाने का कार्य कराया जाएगा. इसके अलावा नगर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर सामुदायिक शेड का निर्माण भी कराया जाएगा, जिससे लोगों को सुविधा मिल सके.
मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए वाहन युक्त फॉगिंग मशीन खरीदने का निर्णय लिया गया है. वहीं बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए नगर क्षेत्र के नालों की सफाई और अन्य जरूरी विकास कार्यों को भी स्वीकृति दी गई है.
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नगर विकास एवं आवास विभाग के तहत चौक-चौराहों को विरासत और संस्कृति की पहचान के रूप में विकसित किया जाएगा. इसके तहत चौसा यादव मोड़ के विकास के लिए पथ निर्माण विभाग से एनओसी मांगी जाएगी. साथ ही शहीद सुनील यादव के नाम पर तोरण द्वार और प्रतीक चिन्ह स्थापित करने का निर्णय लिया गया.
कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी ने कहा कि चौसा के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी. सरकार के निर्देशों के अनुरूप नियमों का पालन करते हुए सभी योजनाओं को तेजी से लागू किया जाएगा.
बैठक में सशक्त स्थायी समिति की सदस्य ललिता देवी, चंदन चौधरी, आनंद कुमार रावत, सहायक लोक स्वच्छता पदाधिकारी मोहम्मद अरशद हैदर नक़वी एवं प्रभारी प्रधान सहायक सत्य प्रकाश उपस्थित रहे।






.png)











0 Comments