जन्मदिन पर अनोखी पहल, रक्तदान शिविर से दिया जीवन का संदेश ..

बताया कि रक्तदान करने से जहां जरूरतमंदों की जान बचती है, वहीं दान करने वाले व्यक्ति के स्वास्थ्य की भी जांच हो जाती है. इससे नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है, हृदय रोग और कैंसर का खतरा कम होता है तथा शरीर में आयरन का स्तर संतुलित रहता है.





                               


बेटी के दूसरे जन्मदिन पर पिता ने कराया महादान, युवाओं को किया प्रेरित 

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : समाज में सकारात्मक सोच और नई परंपरा की मिसाल पेश करते हुए एक पिता ने अपनी बेटी का जन्मदिन खास तरीके से मनाया. रविवार को ब्लड बक्सर के नियमित रक्तदाता सागर वर्मा ने अपनी पुत्री मिस्टी वर्मा के दूसरे जन्मदिन पर रक्तदान महादान जीवनदान शिविर का आयोजन किया. सदर अस्पताल स्थित रक्ताधिकोष में आयोजित इस शिविर में रक्तदान के साथ-साथ लोगों को जागरूक करने का अभियान भी चलाया गया.

शिविर में कुल 8 रक्तवीरों—रामजी सिंह, सागर वर्मा, संजय पटवा, विष्णु कुमार, प्रीतम वर्मा सहित अन्य ने स्वेच्छा से रक्तदान किया. रक्तदाता रामजी सिंह ने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवनरेखा बन सकता है, क्योंकि रक्त का कोई विकल्प नहीं है. उन्होंने युवाओं से अधिक संख्या में आगे आने की अपील की.

ब्लड बक्सर के संस्थापक संचालक प्रियेश ने बताया कि रक्तदान करने से जहां जरूरतमंदों की जान बचती है, वहीं दान करने वाले व्यक्ति के स्वास्थ्य की भी जांच हो जाती है. इससे नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है, हृदय रोग और कैंसर का खतरा कम होता है तथा शरीर में आयरन का स्तर संतुलित रहता है. उन्होंने बताया कि रक्तदान से पहले और बाद में रक्तचाप, नाड़ी, तापमान और हीमोग्लोबिन की जांच के साथ-साथ एचआईवी, हेपेटाइटिस बी-सी और सिफिलिस की जांच भी निःशुल्क की जाती है.

संस्था के सदस्य सुमित मानसिंहका ने सभी रक्तदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि "शुभारंभ – नई सोच, नई परंपरा" अभियान के तहत हर शुभ अवसर पर रक्तदान को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि ब्लड बैंक में रक्त की कमी को दूर किया जा सके. उन्होंने बताया कि इस माह का यह दूसरा शिविर है और अगला रक्तदान शिविर 18 अप्रैल 2026 को आयोजित किया जाएगा. इच्छुक युवक-युवतियां 8804433322 पर संपर्क कर पंजीकरण करा सकते हैं.

शिविर के दौरान रक्तदाताओं को इंद्रलोक वाणी के सौजन्य से मोमेंटो और ब्लड बक्सर द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. इस आयोजन को सफल बनाने में नसीम नायक, आदिल खान, प्रभा रंजन, प्रविव रंजन, रवि शंकर शर्मा, कुमार गौरव, राजा बाबू सहित ब्लड बैंक के राजन कुमार, सुनील जी और मुकेश कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा.













Post a Comment

0 Comments