जांच में सामने आया कि यह गैंग ट्रेनों में भीड़ और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर यात्रियों को निशाना बनाती थी. 

  





                               


  • एर्नाकुलम सुपरफास्ट में झपटमारी, दो सोने के लॉकेट बरामद
  • RPF-GRP की संयुक्त कार्रवाई से खुला अंतर-राज्यीय गिरोह का राज

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : चलती ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाकर पलक झपकते ही जेवर गायब करने वाली अंतर-राज्यीय ‘लेडी गैंग’ का आखिरकार बक्सर स्टेशन पर पर्दाफाश हो गया. आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में तीन शातिर महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है. इनके पास से यात्री से झपटे गए दो सोने के लॉकेट भी बरामद किए गए हैं. गिरफ्तारी के बाद स्टेशन परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक कुंदन कुमार के अनुसार मंगलवार की शाम करीब 6:20 बजे प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर आरपीएफ और जीआरपी की टीम संयुक्त चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान एर्नाकुलम सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री ने हंगामा करते हुए बताया कि उसके गले से दो सोने के लॉकेट झपट लिए गए हैं. सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं और पूरे प्लेटफॉर्म की घेराबंदी कर संदिग्ध महिलाओं की तलाश शुरू कर दी गई.

पकड़ी गईं तीन महिलाएं, मौके से बरामद हुए लॉकेट

कुछ ही देर में टीम ने तीन महिलाओं को पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उनके पास से माला के साथ यात्री के दो सोने के लॉकेट बरामद कर लिए गए. पूछताछ में गिरफ्तार महिलाओं की पहचान दुर्गावती देवी निवासी संत कबीर नगर, नंदिता देवी और खुशबू कुमारी निवासी मऊ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई.

भीड़ का फायदा उठाकर करती थीं वारदात, पहले भी जा चुकी हैं जेल

जांच में सामने आया कि यह गैंग ट्रेनों में भीड़ और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर यात्रियों को निशाना बनाती थी. खासकर महिलाओं और बुजुर्ग यात्रियों के आसपास रहकर मौका मिलते ही गले से चेन और लॉकेट झपट लेना इनका तरीका था. पुलिस को यह भी पता चला कि तीनों आरोपी पहले भी कई बार जेल जा चुकी हैं. दुर्गावती देवी के खिलाफ जहानाबाद में, जबकि नंदिता देवी और खुशबू कुमारी के खिलाफ नालंदा जिले में आपराधिक मामले दर्ज हैं.

रेल खंड पर सक्रिय अपराधी, पहले भी हो चुकी हैं बड़ी वारदातें

दानापुर–डीडीयू रेल खंड पर चोरी और छिनतई करने वाले अपराधी लगातार सक्रिय हैं. मोबाइल फोन और यात्रियों के सामान छीनने की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रही हैं. हाल ही में 17 जनवरी को मौनी अमावस्या के अवसर पर गंगा स्नान को लेकर बक्सर आ रहे श्रद्धालुओं के साथ फतुआ–बक्सर पैसेंजर ट्रेन में चाकू के बल पर लूट की सनसनीखेज वारदात हुई थी. बरूना रेलवे स्टेशन से बक्सर स्टेशन के बीच हुई इस घटना में एक यात्री घायल हो गया था, जबकि महिला यात्रियों समेत श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई थी. पुलिस की कार्रवाई के बाद मामला शांत हुआ था, लेकिन रेल खंड पर सुरक्षा को लेकर सवाल फिर खड़े हो गए हैं.