जब कोई आगे नहीं आया तो उन्होंने खुद पहल करते हुए एक ऑटो रुकवाया और घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की. उनके साथ एक अन्य युवक ने भी सहयोग किया, जिससे घायलों को समय पर इलाज मिल सका.
- हुकहां गांव के पास बक्सर–इटाढ़ी रोड पर हुआ भीषण सड़क हादसा
- तेज रफ्तार पिकअप ने ऑटो को मारी टक्कर, कई यात्री गंभीर रूप से घायल
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बक्सर–इटाढ़ी मुख्य मार्ग पर हुकहां गांव के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने ओवरटेक करने के दौरान एक ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए.
इस हादसे में एक युवती की इलाज के दौरान सदर अस्पताल में मौत हो गई. मृतका की पहचान 21 वर्षीय अंतिमा कुमारी, पिता बजरंगी पाठक, निवासी सैसड़ गांव, थाना दिनारा, जिला रोहतास के रूप में हुई है. वहीं एक अन्य युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है.
घटना के दौरान रोटी बैंक के अध्यक्ष रासबिहारी ओझा अपनी पत्नी के साथ इटाढ़ी से लौट रहे थे. उन्होंने मौके पर हालात देखकर लोगों से मदद की अपील की, लेकिन जब कोई आगे नहीं आया तो उन्होंने खुद पहल करते हुए एक ऑटो रुकवाया और घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की. उनके साथ एक अन्य युवक ने भी सहयोग किया, जिससे घायलों को समय पर इलाज मिल सका.
हादसे में सैसड़ गांव, थाना दिनारा, जिला रोहतास के रहने वाले कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें 21 वर्षीय जया कुमारी की हालत गंभीर है. इसके अलावा 55 वर्षीय मीना देवी, 60 वर्षीय कन्हैया पाठक, 36 वर्षीय गुड्डू राम, 14 वर्षीय सोनम कुमारी और 10 वर्षीय शिवानी कुमारी शामिल हैं, जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना आउटपोस्ट प्रभारी गुड्डू चौधरी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया. बाद में एसडीपीओ गौरव पांडे ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार पिकअप वाहन व चालक की तलाश की जा रही है.
वीडियो :






.png)











0 Comments