बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि बिजली की समस्या वास्तविक है. कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर जलने, तार गलने और 11 हजार व 33 हजार वोल्ट की लाइनों में फॉल्ट आने की घटनाएं सामने आई हैं.
- बढ़ती बिजली खपत से तार और ट्रांसफार्मर हो रहे प्रभावित
- शाम 6 से 9 बजे तक कम करें बिजली का उपयोग, एसी 24 डिग्री पर चलाने की सलाह
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : पिछले आठ-दस दिनों से जिले में लगातार हो रही बिजली कटौती और बार-बार आ रहे फॉल्ट को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है. लगातार मिल रही शिकायतों के बाद अनुमंडल प्रशासन ने बिजली व्यवस्था की समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को आपूर्ति जल्द सामान्य करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही आम लोगों से भी बिजली का जिम्मेदारी से उपयोग करने और अनावश्यक लोड से बचने की अपील की गई है.
अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि बिजली की समस्या वास्तविक है. कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर जलने, तार गलने और 11 हजार व 33 हजार वोल्ट की लाइनों में फॉल्ट आने की घटनाएं सामने आई हैं. प्रशासन लगातार पूरे मामले की निगरानी कर रहा है और बिजली विभाग के अधिकारियों को हर शिकायत का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया गया है.
अचानक बढ़ा लोड बना बड़ी वजह
बिजली विभाग के अभियंताओं के अनुसार हाल के दिनों में बड़ी संख्या में एसी, इंडक्शन चूल्हा और अन्य विद्युत उपकरणों के उपयोग से बिजली की खपत अचानक बढ़ गई है. पहले जो लाइनें और तार मौजूदा लोड के हिसाब से पर्याप्त थे, वे अतिरिक्त भार के कारण प्रभावित होने लगे. इससे कई जगह तार गर्म होकर गल गए और फॉल्ट की समस्या उत्पन्न हो गई. विभाग ने अधिक क्षमता वाले 120 एमएम तार की मांग की है. एक किलोमीटर तार उपलब्ध कराया जा चुका है, जबकि अतिरिक्त सामग्री भी जल्द मिलने की उम्मीद है.
ट्रांसफार्मर बदले जा रहे, शिकायतों पर होगी त्वरित कार्रवाई
प्रशासन ने बताया कि हाल ही में चार स्थानों पर ट्रांसफार्मर बदले गए हैं. वहीं नाथ बाबा मंदिर क्षेत्र में भी नया ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है. बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि शिकायतों के लिए अतिरिक्त टेलीफोन और ऑपरेटर की व्यवस्था करें, ताकि उपभोक्ताओं की शिकायत तुरंत दर्ज हो सके और निर्धारित समय के भीतर उसका समाधान किया जा सके. बिजली आपूर्ति बाधित होने या फॉल्ट आने की जानकारी भी समय पर आम लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं.
बिजली बचाने और लोड कम करने की सलाह
एसडीएम ने लोगों से अपील की कि लंबे समय तक बिजली कटने के बाद आपूर्ति बहाल होने पर सभी विद्युत उपकरण एक साथ चालू न करें. इससे लाइन पर अचानक दबाव बढ़ जाता है और दोबारा फॉल्ट आने की संभावना रहती है. उन्होंने सलाह दी कि मोटर और अधिक बिजली खपत वाले अन्य उपकरण सुबह के समय चलाएं. शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक बिजली व्यवस्था पर सबसे अधिक दबाव रहता है. इसके अलावा एसी को 24 डिग्री सेल्सियस पर चलाने की सलाह दी गई है, जिससे बिजली की खपत कम होगी और बिजली व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव भी नहीं पड़ेगा.
अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि प्रशासन और बिजली विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था को पूरी तरह सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने बक्सर की जनता से संयम बरतने और बिजली के विवेकपूर्ण उपयोग में सहयोग करने की अपील की.
वीडियो :





.png)








0 Comments