इटाढ़ी रेलवे गुमटी खोलने की मांग तेज, डीआरएम से मिले कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ..

बताया कि इटाढ़ी रेलवे गुमटी को बक्सर जिला प्रशासन के निर्देश पर बंद किया गया है. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जिला प्रशासन के अनुसार क्षतिग्रस्त आरओबी का निर्माण कार्य अगले 15 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा.




                              


  • आरओबी पूरी तरह सुरक्षित होने तक गुमटी खोलने की मांग, हजारों लोगों की परेशानी का उठाया मुद्दा
  • डीआरएम ने जिला प्रशासन के निर्देश पर बंद होने की दी जानकारी, सकारात्मक कार्रवाई का दिया आश्वासन

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : इटाढ़ी रेलवे गुमटी को आम लोगों के आवागमन के लिए दोबारा खोलने की मांग अब तेज हो गई है. इसी मुद्दे को लेकर जिला कांग्रेस कमिटी के जिलाध्यक्ष पंकज कुमार उपाध्याय ने पूर्व मध्य रेलवे, दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा. उन्होंने कहा कि जब तक क्षतिग्रस्त आरओबी पूरी तरह सुरक्षित होकर चालू नहीं हो जाता, तब तक इटाढ़ी रेलवे गुमटी को तत्काल खोला जाना जनहित में जरूरी है.

डीआरएम से मुलाकात कर सौंपा ज्ञापन

मुलाकात के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि इटाढ़ी रेलवे गुमटी को बक्सर जिला प्रशासन के निर्देश पर बंद किया गया है. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जिला प्रशासन के अनुसार क्षतिग्रस्त आरओबी का निर्माण कार्य अगले 15 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा.

जल्दबाजी में निर्माण पर जताई चिंता

इस पर पंकज कुमार उपाध्याय ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में इतनी कम अवधि में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा होना व्यावहारिक नहीं लगता. उन्होंने आशंका जताई कि जल्दबाजी में किया गया निर्माण भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है. उन्होंने मांग की कि आरओबी पूरी तरह सुरक्षित होकर चालू होने तक रेलवे गुमटी को आम जनता के लिए खोला जाए.

हजारों लोगों को हो रही परेशानी

उन्होंने कहा कि गुमटी बंद रहने से प्रतिदिन हजारों छात्र-छात्राओं, मरीजों, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को लंबा चक्कर लगाकर सफर करना पड़ रहा है. पांडेपट्टी मार्ग पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं. स्कूल बसों और भारी वाहनों के पलटने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं, जिससे सैकड़ों गांवों की लाखों आबादी प्रभावित हो रही है.

संघर्ष जारी रखने का ऐलान

पंकज कुमार उपाध्याय ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक ने उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है. उन्होंने कहा कि इटाढ़ी रेलवे गुमटी खुलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा और वे लगातार जनता की आवाज उठाते रहेंगे.

उन्होंने कहा कि जब बक्सर की जनता इस गंभीर समस्या से जूझ रही थी, तब जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को समय रहते पहल करनी चाहिए थी. उनका उद्देश्य किसी प्रकार की राजनीति करना नहीं, बल्कि जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना है. अंत में उन्होंने इस जनहित की लड़ाई में बक्सर की जनता से सहयोग, समर्थन और आशीर्वाद बनाए रखने की अपील की.













Post a Comment

0 Comments