आरओबी बंद, स्कूल खुले और शहर थमा, वन-वे व्यवस्था व ट्रकों की पार्किंग से मिल सकती है राहत ..

रेलवे क्रॉसिंग रोड पर घंटों तक वाहन रेंगते रहे. स्कूल खुलने के पहले ही दिन स्कूली वाहन, यात्री बसें, एंबुलेंस और निजी वाहन लंबे जाम में फंस गए, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. 




                              


- एफसीआई गोदाम जाने वाले ट्रकों की कतार बढ़ा रही परेशानी, बाजार समिति में पार्किंग की उठी मांग
- वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर तत्काल राहत देने का सुझाव, प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपील

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग और आरओबी बंद होने के बाद बक्सर शहर की यातायात व्यवस्था सोमवार को पूरी तरह चरमरा गई. पांडेय पट्टी और नुआंव (नया बाजार) रेलवे क्रॉसिंग रोड पर घंटों तक वाहन रेंगते रहे. स्कूल खुलने के पहले ही दिन स्कूली वाहन, यात्री बसें, एंबुलेंस और निजी वाहन लंबे जाम में फंस गए, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

स्थानीय लोगों का कहना है कि जाम वाले क्षेत्रों में ट्रैफिक पुलिस की पर्याप्त मौजूदगी नहीं होने से स्थिति और बिगड़ गई. शहर के भीतर जहां सामान्य दिनों में वाहन जांच अभियान चलता है, वहीं सबसे अधिक जरूरत वाले स्थानों पर यातायात नियंत्रण नजर नहीं आया. हालांकि यातायात उप निरीक्षक इंद्रजीत कुमार अपने एक अन्य सहयोगी के साथ बारी-बारी से दोनों रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंच कर जाम छुड़ाने के लिए पसीना बहाते नजर आएं. उन्होंने कहा कि ओवरलोड गिट्टी लदी गाड़ियों के इधर से प्रवेश की वजह से भी हालत नियंत्रण से बाहर हो जा रहे हैं.

अब रोज सामने आएगी जाम की समस्या : स्कूल एसोसिएशन 

प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष प्रदीप कुमार पाठक ने कहा कि स्कूलों का संचालन शुरू होने और रेलवे ओवरब्रिज बंद रहने के कारण अब यह समस्या रोज सामने आएगी. उन्होंने प्रमुख मार्गों पर यातायात पुलिस की नियमित तैनाती तथा संकरी सड़कों के किनारे मिट्टी अथवा ईंट का भराव कर अस्थायी रूप से सड़क चौड़ी करने की मांग की.

बाजार समिति में हो एफसीआई के ट्रकों की पार्किंग 

इधर, सामाजिक कार्यकर्ता संतोष ओझा ने जाम की एक बड़ी वजह एफसीआई गोदाम में जाने वाले ट्रकों की लंबी कतार को बताया. उनका कहना है कि पहले बनी व्यवस्था के अनुसार इन ट्रकों को बाजार समिति परिसर में खड़ा कराया जाए और वहां से आवश्यकता के अनुसार एक-एक कर एफसीआई गोदाम की ओर भेजा जाए. इससे पांडेय पट्टी रोड पर ट्रकों का दबाव काफी कम होगा.

पांडेय पट्टी और नया बाजार रेलवे क्रॉसिंग रोड में हो वन वे की व्यवस्था 

उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि शहर में अस्थायी रूप से वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाए. इसके तहत पांडेय पट्टी की ओर से प्रवेश करने वाले वाहनों को नुआंव (नया बाजार) रेलवे क्रॉसिंग की ओर से निकाला जाए. उनका मानना है कि इस व्यवस्था से आमने-सामने वाहनों का दबाव कम होगा और जाम की समस्या से तत्काल राहत मिल सकती है.

शहरवासियों का कहना है कि यदि प्रशासन समय रहते ट्रकों के संचालन, ट्रैफिक पुलिस की तैनाती और वन-वे व्यवस्था जैसे सुझावों पर अमल करता है, तो बक्सर को रोज लगने वाले भीषण जाम से काफी हद तक राहत मिल सकती है.












Post a Comment

0 Comments