बताया कि उन्होंने 18 जून 2026 को ही पूर्व मध्य रेलवे, दानापुर के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को पत्र भेजकर इटाढ़ी रेलवे गुमटी को अस्थायी रूप से खोलने का अनुरोध किया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है.

- क्षतिग्रस्त रेल उपरिगामी पुल से ठप हुई आवाजाही, स्कूली बच्चों, मरीजों और व्यापारियों की बढ़ी परेशानी
- रेल मंत्रालय से समन्वय कर शीघ्र मरम्मत कराने और अस्थायी व्यवस्था बहाल करने का किया आग्रह
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : इटाढ़ी रोड स्थित नवनिर्मित रेल उपरिगामी पुल (आरओबी) के क्षतिग्रस्त होने से उत्पन्न आवागमन संकट को लेकर बक्सर विधायक आनंद मिश्र ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है. उन्होंने कहा है कि पुल बंद होने से लाखों लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है और मरम्मत पूरी होने तक इटाढ़ी रेलवे गुमटी (गेट संख्या 70B/T) को अस्थायी रूप से चालू कराया जाना जनहित में आवश्यक है.
विधायक ने अपने पत्र में बताया कि उन्होंने 18 जून 2026 को ही पूर्व मध्य रेलवे, दानापुर के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को पत्र भेजकर इटाढ़ी रेलवे गुमटी को अस्थायी रूप से खोलने का अनुरोध किया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है. इसके कारण पूरे क्षेत्र का यातायात वैकल्पिक मार्गों पर निर्भर हो गया है.
उन्होंने कहा कि वैकल्पिक मार्गों पर वाहनों का अत्यधिक दबाव होने से प्रतिदिन लंबा जाम लग रहा है. हाल ही में एक भारी ट्रक पलट जाने से घंटों तक आवागमन बाधित रहा, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी. विद्यालय खुलने के बाद प्रतिदिन हजारों छात्र-छात्राओं को शहर आना-जाना पड़ता है, जबकि मरीजों को लेकर आने वाली एम्बुलेंस भी जाम में फंस रही हैं, जिससे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं.
पत्र में विधायक ने यह भी उल्लेख किया है कि तकनीकी कारणों से पुल की मरम्मत और पुनः सुरक्षित संचालन में दो से तीन माह अथवा उससे अधिक समय लग सकता है. ऐसी स्थिति में यदि कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई तो किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, मरीजों और आम नागरिकों की कठिनाइयां और बढ़ जाएंगी.
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि रेल मंत्रालय एवं रेलवे बोर्ड से समन्वय स्थापित कर आरओबी की मरम्मत एवं पुनर्संचालन का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर कराया जाए. साथ ही मरम्मत पूरी होने तक सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए इटाढ़ी रेलवे गुमटी (गेट संख्या 70B/T) को अस्थायी रूप से चालू कराने की पहल की जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को राहत मिल सके.
विधायक आनंद मिश्र ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री का त्वरित हस्तक्षेप लाखों नागरिकों को राहत पहुंचाएगा और बक्सर में सामान्य जनजीवन को जल्द पटरी पर लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.




.png)








0 Comments