बक्सर शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव, नए डीईओ के साथ तीन नए डीपीओ की तैनाती ..

बक्सर में कार्यरत कई अधिकारियों का दूसरे जिलों में तबादला कर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. विभाग का यह कदम जिले की शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है. 





                              


  • जिला शिक्षा पदाधिकारी समेत कई अधिकारियों का तबादला, नई टीम संभालेगी शिक्षा व्यवस्था की कमान
  • मुजफ्फरपुर से आए इन्द्र कुमार कर्ण बने डीईओ, चौगाई के बीईओ सुरेश प्रसाद को मिली पदोन्नति

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : बिहार शिक्षा विभाग द्वारा किए गए बड़े प्रशासनिक फेरबदल का व्यापक असर बक्सर जिले में देखने को मिला है. जिले को नए जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) के रूप में इन्द्र कुमार कर्ण मिले हैं. इसके साथ ही तीन नए जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (डीपीओ) की भी तैनाती की गई है. वहीं, बक्सर में कार्यरत कई अधिकारियों का दूसरे जिलों में तबादला कर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. विभाग का यह कदम जिले की शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है.

बिना जॉइनिंग टाइम के संभालेंगे जिम्मेदारी

शिक्षा विभाग के आदेश के अनुसार इन्द्र कुमार कर्ण को बक्सर का नया जिला शिक्षा पदाधिकारी नियुक्त किया गया है. वह इससे पहले मुजफ्फरपुर में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) के पद पर कार्यरत थे. मूल रूप से मधुबनी जिले के निवासी इन्द्र कुमार कर्ण को तत्काल प्रभाव से बक्सर में योगदान देने का निर्देश दिया गया है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि उन्हें किसी प्रकार का अतिरिक्त वेतनमान लाभ या पारगमन काल (जॉइनिंग टाइम) नहीं मिलेगा तथा प्रभार ग्रहण करने के बाद इसकी सूचना विभाग को अनिवार्य रूप से भेजनी होगी.

कई अधिकारियों का हुआ तबादला

विभागीय आदेश के तहत बक्सर के वर्तमान जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप रंजन का तबादला कर उन्हें अररिया का डीपीओ बनाया गया है. स्थापना शाखा के डीपीओ रजनीश उपाध्याय को सासाराम का डीपीओ बनाया गया है. माध्यमिक शिक्षा एवं मध्यान भोजन योजना के डीपीओ नाजिश अली, जो प्रतिनियुक्ति पर आर शिक्षा विभाग में कार्यरत थे, उन्हें वहीं का डीपीओ नियुक्त किया गया है. वहीं, सर्व शिक्षा अभियान एवं योजना एवं लेखा के डीपीओ चन्दन द्विवेदी को शिक्षा निदेशालय, पटना में सहायक निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

तीन नए डीपीओ को मिली जिम्मेदारी

बक्सर में तीन नए डीपीओ की भी तैनाती की गई है. सिवान में कार्यरत रजनीश कुमार झा का तबादला बक्सर किया गया है. गया में डीपीओ के पद पर कार्यरत तान्या कुमारी को भी बक्सर भेजा गया है. वहीं, चौगाई के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुरेश प्रसाद को पदोन्नति देकर डीपीओ बनाया गया है. लंबे प्रशासनिक अनुभव वाले सुरेश प्रसाद दिसंबर 2026 में सेवानिवृत्त होंगे. उनकी पदोन्नति को विभाग में उनके अनुभव और कार्यकुशलता का सम्मान माना जा रहा है.

राज्यपाल की स्वीकृति के बाद जारी हुआ आदेश

शिक्षा विभाग के निदेशक रंजन कुमार द्वारा जारी इस आदेश में कहा गया है कि सभी अधिकारी शीघ्र पदभार ग्रहण कर इसकी सूचना विभाग को उपलब्ध कराएं. अधिसूचना के अनुसार यह निर्णय राज्यपाल की स्वीकृति के बाद लिया गया है.

नई टीम से बढ़ीं उम्मीदें

एक साथ डीईओ और डीपीओ स्तर पर हुए इस व्यापक फेरबदल के बाद बक्सर की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. माना जा रहा है कि नए अधिकारियों के कार्यभार संभालने के बाद विद्यालयों की मॉनिटरिंग, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रशासनिक कार्यों और शैक्षणिक गुणवत्ता में तेजी से सुधार देखने को मिल सकता है. अब जिले की निगाहें नई टीम के कामकाज और उसके परिणामों पर टिकी हैं.













Post a Comment

0 Comments