बक्सर में राष्ट्रीय खेल दिवस का आगाज़, खिलाड़ियों ने दिखाई ताकत और प्रतिभा..

यह दिवस महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मनाया जाता है. इस वर्ष का थीम "एक घंटा खेल के मैदान में" है, जो समाज को एकजुट करने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का संदेश देता है.




                                         






  • मेजर ध्यानचंद की जयंती पर शुरू हुआ तीन दिवसीय खेलकूद कार्यक्रम
  • विजेता खिलाड़ियों को पदक व नगद राशि देकर किया गया सम्मानित

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल विभाग एवं जिला प्रशासन बक्सर की ओर से शुक्रवार को कला भवन बक्सर में तीन दिवसीय खेल महोत्सव का शुभारंभ किया गया. यह दिवस महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मनाया जाता है. इस वर्ष का थीम "एक घंटा खेल के मैदान में" है, जो समाज को एकजुट करने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का संदेश देता है.

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह, उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी और अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. उद्घाटन के बाद जूडो खिलाड़ियों ने पिरामिड बनाकर झंडा फहराया. इसके पश्चात डीएम ने पहलवानों से परिचय प्राप्त कर कुश्ती मुकाबलों की शुरुआत कराई.

कुश्ती का आयोजन तीन वर्गों में हुआ. 50-60 किलोग्राम वर्ग में कुश जी ने स्वर्ण और रूद्र दुबे ने रजत पदक जीता. 60-70 किलोग्राम वर्ग में चंद्रशेखर यादव को स्वर्ण व धीरज कुमार को रजत मिला. वहीं 70-80 किलोग्राम वर्ग में दीपक कुमार ने स्वर्ण और वीर बहादुर ने रजत पदक प्राप्त किया. विजेताओं को 2000 रुपये और उपविजेताओं को 1000 रुपये नगद राशि देकर पुरस्कृत किया गया.

फाउंडेशन स्कूल बक्सर में भी मेजर ध्यानचंद की याद में हॉकी मुकाबले खेले गए. इसमें बालक वर्ग में बक्सर व पटना की टीमें आमने-सामने हुईं, जबकि बालिका वर्ग में बक्सर और भोजपुर की टीमों ने खेल का प्रदर्शन किया.

कुश्ती प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका अमला यादव, सत्येंद्र कुमार सिंह और राकेश यादव ने निभाई. वरीय उप समाहर्ता सह उपाधीक्षक (शारीरिक शिक्षा) आदित्य कुमार ने खिलाड़ियों को मेडल और नगद राशि प्रदान कर उत्साह बढ़ाया.

इस अवसर पर कन्हैया जी, मदन जी, अशोक कुमार, संजय कुमार, अश्विनी राय, सत्येंद्र सिंह यादव, त्रिलोकी नाथ तिवारी, वशिष्ठ प्रसाद, नीतीश कुमार, सच्चिदानंद, राजू कुमार, दयाशंकर पाल, अशोक कुमार, अनिल कुमार पाल, सुरेंद्र कृष्ण, मो. मुस्लिम और मोहन सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे.






Post a Comment

0 Comments