बक्सर में तिरंगा यात्रा, देशभक्ति से गूंजा शहर ..

सुबह 8 बजे किला मैदान से शुरू हुई यह यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए मुनीम चौक पहुंची और पुनः किला मैदान में सम्पन्न हुई. वंदे मातरम्, जय हिंद और जय भारती के उद्घोषों से गूंजते माहौल में हजारों नागरिकों ने एक साथ कदम से कदम मिलाकर राष्ट्र प्रेम का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया.









                                           







  • स्वाधीनता दिवस की पूर्व संध्या पर भव्य आयोजन
  • हजारों नागरिकों की भागीदारी, माहौल में उमड़ा उत्साह

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : स्वाधीनता दिवस की पूर्व संध्या पर मंगलवार को बक्सर में आयोजित तिरंगा यात्रा ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया. सुबह 8 बजे किला मैदान से शुरू हुई यह यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए मुनीम चौक पहुंची और पुनः किला मैदान में सम्पन्न हुई. वंदे मातरम्, जय हिंद और जय भारती के उद्घोषों से गूंजते माहौल में हजारों नागरिकों ने एक साथ कदम से कदम मिलाकर राष्ट्र प्रेम का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया.

इस अवसर पर राजनीतिक दलों से लेकर सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक संस्थाओं तक, सभी ने मिलकर तिरंगे की शान बढ़ाई. एनसीसी, सैनिक संघ (IMA), रोटरी क्लब, लायंस क्लब, रेड क्रॉस, रामलीला समिति, गायत्री परिवार, जिला व्यापार संगठन, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भाजपा के विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ताओं और कई अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.

शहर के प्रमुख स्कूलों के छात्र-छात्राओं के साथ ग्लोबल विजडम स्कूल के बच्चों की बड़ी संख्या ने भी यात्रा में हिस्सा लिया. भूतपूर्व सैनिक, व्यापारी, महिलाएं, शिक्षक और युवा इसमें बढ़-चढ़कर शामिल हुए. मार्ग में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने तिरंगा यात्रियों के स्वागत के लिए जलपान और सत्कार की व्यवस्था की. देशभक्ति गीतों की धुन और लहराते तिरंगे ने इस आयोजन को और भी भावपूर्ण बना दिया.

यात्रा का नेतृत्व भाजपा नेत्री एवं आर्ट ऑफ लिविंग की लाइफ कोच वर्षा पांडे ने किया. उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य सिर्फ उत्सव मनाना नहीं, बल्कि नागरिकों को अपने मौलिक कर्तव्यों की याद दिलाना और एकता व अखंडता को सुदृढ़ करना है.

इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष कंचन देवी ने कहा कि तिरंगा हमारी पहचान है और इसकी शान में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी. उन्होंने महिलाओं से भी राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.

भाजपा के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने कहा कि बक्सर की यह तिरंगा यात्रा एकता, साहस और देशभक्ति का प्रतीक है, जो आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा देगी.

कार्यक्रम में भाजपा नेता विनोद चौबे भी मौजूद रहे और उन्होंने इसे बक्सर की ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा करार दिया.

बक्सर में यह आयोजन न केवल देशभक्ति की भावना का प्रतीक बना, बल्कि इसने सामाजिक एकजुटता का भी संदेश दिया. समापन पर राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम समाप्त हुआ और प्रतिभागियों ने अगले वर्ष इसे और भी भव्य रूप देने का संकल्प लिया.







Post a Comment

0 Comments