घर के दरवाजे पर हुई एक सामान्य दस्तक कुछ ही सेकंड में खौफनाक मंजर में बदल गई, जब दरवाजा खोलने पहुंची एक किशोरी को अज्ञात हमलावर ने गोली मार दी. घटना के बाद गांव में दहशत और गुस्से का माहौल है.
- घर के अंदर घुसने से पहले ही हमलावर ने बरसाई गोली, मौके पर ही तोड़ा दम
- एसपी ने संभाली कमान, फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी, जल्द खुलासे का भरोसा
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियांव गांव में बुधवार दोपहर एक ऐसी वारदात हुई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. घर के दरवाजे पर हुई एक सामान्य दस्तक कुछ ही सेकंड में खौफनाक मंजर में बदल गई, जब दरवाजा खोलने पहुंची एक किशोरी को अज्ञात हमलावर ने गोली मार दी. घटना के बाद गांव में दहशत और गुस्से का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, अरियांव गांव निवासी बबलू उपाध्याय की 15 वर्षीय पुत्री श्वेता कुमारी दोपहर में घर पर मौजूद थी. परिवार के अन्य सदस्य आराम कर रहे थे. तभी दरवाजे पर किसी ने आवाज दी. जैसे ही श्वेता दरवाजा खोलने पहुंची, पहले से घात लगाए अपराधी ने उस पर फायरिंग कर दी.
गोली लगते ही श्वेता जान बचाने के लिए अंदर की ओर भागी, लेकिन गोली उसकी पीठ में धंस गई और वह कुछ ही दूरी पर गिर पड़ी. गोली की आवाज सुनकर परिजन दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. उनकी आंखों के सामने ही किशोरी ने दम तोड़ दिया. हमलावर मौके से फरार हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आ गया . पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य, डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार, कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार और डुमरांव थानाध्यक्ष संजय सिन्हा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. इलाके को घेरकर जांच शुरू की गई और साक्ष्य जुटाए गए.
पुलिस अधीक्षक ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से जांच कराई जा रही है.
प्राथमिक जांच में पुलिस सभी संभावित कारणों—पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या अन्य कोण—को ध्यान में रखते हुए पड़ताल कर रही है. इस घटना के बाद गांव में भय का माहौल है, वहीं लोगों में आक्रोश भी साफ देखा जा रहा है. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है.






.png)











0 Comments