दुल्हन बनी ठग : लाखों के जेवर लेकर हुई गायब, शादी निकली साजिश ..

परिवार को स्टेशन छोड़ने के बहाने ले जाया जा रहा था, तभी अचानक पूरी साजिश सामने आ गई. रास्ते में दुल्हन को ऑटो से उतारकर एक युवक बाइक पर बैठाकर फरार हो गया. यह सब इतनी तेजी से हुआ कि परिवार कुछ समझ ही नहीं सका.


 





                               



  • आधार कार्ड दिखाकर रचा गया भरोसे का जाल, यूपी के परिवार को बक्सर बुलाकर ठगी
  • दलाल गिरफ्तार, फरार दुल्हन और गिरोह की तलाश में पुलिस की लगातार छापेमारी

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : शादी जैसे पवित्र रिश्ते की आड़ में ठगी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां दुल्हन ने सात फेरे लेने के कुछ ही घंटों बाद लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गई. पूरे घटनाक्रम ने न सिर्फ पीड़ित परिवार को झकझोर दिया, बल्कि एक संगठित गिरोह की साजिश का भी खुलासा कर दिया है. पुलिस ने मामले में एक दलाल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार दुल्हन और उसके सहयोगियों की तलाश तेज कर दी गई है.

मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र का है. पीड़ित युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात निवासी रमेश कुमार के पुत्र विनय कुमार के रूप में हुई है, जो वर्तमान में फरीदाबाद में रहकर निर्माण कार्य करते हैं. परिवार बेटे की शादी को लेकर चिंतित था, तभी उनकी मुलाकात एक ऐसे व्यक्ति से हुई जिसने खुद को मददगार बताते हुए बक्सर में शादी कराने का भरोसा दिलाया.

दलाल ने भरोसा जीतने के लिए एक युवती का आधार कार्ड दिखाया, जिसमें उसका पता राजपुर थाना क्षेत्र के बारूपुर गांव का बताया गया. कागजी प्रमाण देखकर परिवार को यकीन हो गया और वे बक्सर पहुंच गए. स्टेशन के पास एक लॉज में ठहराने के बाद 70 हजार रुपए नकद लड़की पक्ष को दिए गए.

यही दुल्हन हुई फरार

अगले दिन कोर्ट मैरिज कराई गई और फिर चौसा के महादेव घाट पर गंगा किनारे सादगी से शादी की रस्म पूरी कराई गई. लेकिन शादी के दौरान ही बार-बार पैसों की मांग ने शक की हल्की रेखा जरूर खींची. सिंदूर भरने के लिए 5 हजार रुपए मांगे गए, बाद में 1100 रुपए लेकर रस्म पूरी कराई गई. वहीं जूता चुराई के नाम पर भी पैसे वसूले गए.

शादी के बाद जब परिवार को स्टेशन छोड़ने के बहाने ले जाया जा रहा था, तभी अचानक पूरी साजिश सामने आ गई. रास्ते में दुल्हन को ऑटो से उतारकर एक युवक बाइक पर बैठाकर फरार हो गया. यह सब इतनी तेजी से हुआ कि परिवार कुछ समझ ही नहीं सका.

हालांकि स्थानीय लोगों की मदद से दलाल को पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया. मुफस्सिल थाना अध्यक्ष शंभु भगत ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

पीड़ित विनय कुमार ने बताया कि आरोपी दलाल उनके पड़ोस में ही रहता था और इसी नजदीकी का फायदा उठाकर उसने विश्वास हासिल किया. अब यह मामला एक सुनियोजित ठगी के रूप में सामने आ रहा है, जिसने शादी जैसे रिश्ते पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.













Post a Comment

0 Comments