रामरेखा घाट से वीर कुंवर सिंह चौक तक चला बुलडोजर, अतिक्रमण पर नप की सख्ती ..

कई स्थानों पर नप की टीम ने कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण को हटाया. इसके बाद टीम एमपी हाई स्कूल की चहारदीवारी के पास पहुंची, जहां सड़क किनारे रखी गई गुमटियों को भी हटाया गया. 






                               


  • फुटपाथ खाली कराने पहुंची टीम, दुकानदारों में मचा हड़कंप
  • तीन दुकानदारों पर जुर्माना, दोबारा कब्जा करने पर कड़ी चेतावनी

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : शहर को जाम से राहत दिलाने के लिए नगर परिषद प्रशासन ने मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान की जोरदार शुरुआत की. पहले ही दिन रामरेखा घाट से लेकर वीर कुंवर सिंह चौक तक फुटपाथ पर कब्जा जमाए दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई. जेसीबी, ट्रैक्टर और पुलिस बल के साथ पहुंची टीम को देखते ही अवैध कब्जाधारियों में अफरातफरी मच गई और कई दुकानदार खुद ही अपना सामान समेटते नजर आए.

अभियान के तहत नगर परिषद के अधिकारी और कर्मियों की टीम रामरेखा घाट पहुंची, जहां फुटपाथ पर लगे दुकानों को हटवाया गया. कुछ दुकानदारों ने स्वेच्छा से दुकान हटा ली, जबकि कई स्थानों पर नप की टीम ने कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण को हटाया. इसके बाद टीम एमपी हाई स्कूल की चहारदीवारी के पास पहुंची, जहां सड़क किनारे रखी गई गुमटियों को भी हटाया गया. पूरे इलाके में कार्रवाई के दौरान यातायात व्यवस्था भी दुरुस्त करने की कोशिश की गई.

दोबारा कब्जा करने पर सख्त चेतावनी
मौके पर मौजूद नगर परिषद के सिटी मैनेजर नीरज कुमार झा ने दुकानदारों को साफ शब्दों में चेताया कि यदि दोबारा फुटपाथ पर दुकान लगाई गई तो भारी जुर्माना लगाया जाएगा और सामान भी जब्त कर लिया जाएगा. स्थायी दुकानदारों को भी अपने निर्धारित दायरे में ही दुकान लगाने और बाहर शेड नहीं निकालने की सख्त हिदायत दी गई.

अभियान रहेगा लगातार जारी
सफाई निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि फुटपाथ पर अवैध कब्जे के कारण शहर में अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे आम लोगों को परेशानी होती है. उन्होंने बताया कि बुधवार को भी अभियान जारी रहेगा और रोड या ताड़कानाल से मुनीम चौक तक सख्ती के साथ अतिक्रमण हटाया जाएगा.

तीन दुकानदारों से वसूला गया जुर्माना
अभियान के दौरान नगर परिषद ने सख्ती दिखाते हुए तीन दुकानदारों पर एक-एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया. अधिकारियों का कहना है कि आगे भी नियम तोड़ने वालों पर इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी.

अभियान के दौरान नगर परिषद के नरसिंह चौबे, मो वाहिद अहमद, विजय चौरसिया सहित अन्य कर्मचारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा.















Post a Comment

0 Comments