वीडियो : किला मैदान में 26 मई को 21 कन्याओं का सामूहिक विवाह, कल्लू-रितेश समेत कई स्टार होंगे शामिल ..

रामरेखा घाट पर माँ गंगा को आमंत्रण पत्र समर्पित कर इस पावन आयोजन की शुरुआत की गई. उन्होंने इसे पुण्य कार्य बताते हुए जिलेवासियों से अपील की कि बिना निमंत्रण के भी इस आयोजन में शामिल होकर बेटियों के विवाह में सहयोग करें.







                               

 

  • सामाजिक सरोकार की मिसाल बनेगा महर्षि विश्वामित्र विवाह महोत्सव
  • बिना निमंत्रण भी पहुंचने की अपील, भव्य कार्यक्रम की पूरी तैयारी

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले में सामाजिक सरोकार और मानवीय पहल की एक अनूठी मिसाल 26 मई को देखने को मिलेगी, जब किला मैदान में महर्षि विश्वामित्र सामूहिक विवाह महोत्सव का आयोजन किया जाएगा. इस महोत्सव में 21 गरीब एवं जरूरतमंद कन्याओं का एक साथ विधि-विधान के साथ विवाह संपन्न कराया जाएगा.

इस आयोजन को लेकर मंगलवार को मॉडल थाना के समीप स्थित समाजसेवी एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष ओम जी यादव के कार्यालय में प्रेसवार्ता आयोजित की गई. इस दौरान संरक्षक के रूप में मौजूद अरविन्द अकेला “कल्लू” ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ शादी के कार्ड पर हल्दी लगाकर किया गया है. साथ ही रामरेखा घाट पर माँ गंगा को आमंत्रण पत्र समर्पित कर इस पावन आयोजन की शुरुआत की गई. उन्होंने इसे पुण्य कार्य बताते हुए जिलेवासियों से अपील की कि बिना निमंत्रण के भी इस आयोजन में शामिल होकर बेटियों के विवाह में सहयोग करें.

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में भोजपुरी जगत के कई चर्चित कलाकारों को आमंत्रित किया गया है, जिनमें रितेश पांडेय, आर्यन बाबू, अंकुश राजा, अनुपमा यादव और शिवानी सिंह शामिल होंगे. साथ ही पवन सिंह सहित अन्य कलाकारों को भी आमंत्रित करने की बात कही गई.

वहीं आयोजन समिति के अध्यक्ष ओम जी यादव ने बताया कि पहले 11 जोड़ों का लक्ष्य रखा गया था, जिसे बढ़ाकर अब 21 कर दिया गया है. कार्यक्रम की शुरुआत 25 मई को सुबह 10 बजे हरिकीर्तन से होगी. 26 मई को सुबह तिलक, दोपहर में हल्दी व मेहंदी की रस्में और शाम 6 बजे भव्य बारात शहर भ्रमण के लिए निकलेगी. इसके बाद शाम 7 बजे वैदिक रीति-रिवाज से विवाह संपन्न कराया जाएगा.

यह आयोजन न केवल सामाजिक समरसता का प्रतीक बनेगा, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए एक नई उम्मीद भी लेकर आएगा. प्रेसवार्ता में सिकंदर सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे.

वीडियो : 
















Post a Comment

0 Comments