वीडियो : विकास ठप, करोड़ों अटके तो भड़का गुस्सा, डीडीसी के खिलाफ धरने पर बैठे जनप्रतिनिधि ..

कहा कि 15वीं वित्त आयोग और षष्टम राज्य वित्त आयोग के तहत आवंटित करोड़ों रुपये अब तक खर्च नहीं हो पाए हैं. इसके कारण कई योजनाएं अधूरी पड़ी हैं और जनता के बीच जवाब देना मुश्किल हो गया है.






                               


  • लंबित भुगतान और योजनाओं पर रोक से नाराज जिप सदस्यों का अनिश्चितकालीन आंदोलन
  • जांच की बात पर डीडीसी का जवाब, सहयोग नहीं मिलने का आरोप

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले में विकास कार्यों के ठप पड़ने और करोड़ों रुपये की राशि लंबित रहने से नाराज जनप्रतिनिधि मंगलवार को सड़क पर उतर आए. जिला परिषद सदस्य ग्रामीणों के साथ जिला परिषद कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए और डीडीसी निहारिका छवि के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. जनप्रतिनिधियों का कहना है कि भुगतान रोके जाने और नई योजनाओं को मंजूरी नहीं मिलने से पूरे जिले का विकास प्रभावित हो गया है.

धरना पर बैठे सदस्यों ने कहा कि 15वीं वित्त आयोग और षष्टम राज्य वित्त आयोग के तहत आवंटित करोड़ों रुपये अब तक खर्च नहीं हो पाए हैं. इसके कारण कई योजनाएं अधूरी पड़ी हैं और जनता के बीच जवाब देना मुश्किल हो गया है.

कार्यकाल खत्म होने को, फिर भी नहीं मिला भुगतान
जिला परिषद सदस्य केदार यादव ने कहा कि लंबे समय से विकास कार्यों का भुगतान लंबित है. उन्होंने बताया कि उनका कार्यकाल समाप्ति के करीब है, लेकिन अब तक न तो पुराने कार्यों का भुगतान किया गया और न ही नए कार्यों को स्वीकृति मिली.

मनमानी का आरोप, जनप्रतिनिधियों में आक्रोश
जिला परिषद सदस्य केदार सिंह ने आरोप लगाया कि डीडीसी की मनमानी के कारण विकास कार्य पूरी तरह रुक गए हैं. उन्होंने कहा कि अब जनप्रतिनिधि जनता के बीच जवाब देने की स्थिति में नहीं हैं.

जरूरी योजनाएं भी ठप, गर्मी में बढ़ी परेशानी
जिला परिषद सदस्य पूजा देवी ने कहा कि चापानल, सड़क निर्माण और जिला परिषद की जमीन पर दुकानों के निर्माण जैसी योजनाओं पर भी रोक लगा दी गई है. इससे आम लोगों को काफी परेशानी हो रही है, खासकर गर्मी के मौसम में स्थिति और गंभीर हो गई है.

दस सूत्री मांगों पर अड़े, आंदोलन होगा और तेज
धरना पर बैठे जनप्रतिनिधियों ने दस सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है. उन्होंने पंचम राज्य वित्त आयोग की राशि वापस मंगाने और लंबित भुगतान जल्द करने की मांग की. साथ ही आरोप लगाया कि कई महीनों के बाद भी उप विकास आयुक्त द्वारा योजनाओं का निष्पादन और भुगतान सुनिश्चित नहीं किया गया.

जांच की बात, डीडीसी ने दिया अपना पक्ष
उप डीडीसी ने कहा कि कार्यों की जांच कराई जानी है, लेकिन जनप्रतिनिधि इसमें सहयोग नहीं कर रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि धरना की कोई पूर्व सूचना उन्हें नहीं दी गई थी.

धरना स्थल पर इनकी रही मौजूदगी
धरना स्थल पर जिप अध्यक्ष सरोजा देवी, उनके प्रतिनिधि परमानंद यादव, पूजा कुमारी (चौसा), बेबी देवी (ब्रह्मपुर), नीलम देवी (उपाध्यक्ष, चौसा), सुनैना देवी (डुमरांव), गायत्री देवी (राजपुर), ममता कुमारी (बक्सर पश्चिमी), राजीव कुमार (नावानगर), केदार यादव (सिमरी मध्य), धर्मेंद्र ठाकुर (बक्सर पूर्वी) और मनोज कुशवाहा (राजपुर) सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

वीडियो : 
















Post a Comment

0 Comments