6 घंटे में अपहरण कांड का पर्दाफाश, पुलिस ने युवक को सकुशल छुड़ाया ..

इसी दौरान नाथ बाबा मंदिर के समीप कुछ अज्ञात अपराधियों ने उसे जबरन बाइक पर बैठाकर अपहरण कर लिया. घटना के कुछ ही देर बाद रितेश के भाई विशाल के पास फिरौती के लिए फोन कॉल आया, जिससे परिवार में दहशत फैल गई.





                               



  • नाथ बाबा मंदिर के पास से किया गया था अपहरण, फिरौती कॉल से मचा हड़कंप
  • तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश में लगातार छापेमारी जारी

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : नगर में नाथ बाबा मंदिर के समीप से एक युवक के अपहरण के मामले में पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ा खुलासा किया है. पुलिस ने अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया, वहीं इस घटना में शामिल तीन अपराधियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है.

घटना रविवार की बताई जा रही है. इस मामले में भोजपुर जिले के मसाढ़ निवासी रामबाबू यादव ने पुलिस को आवेदन देकर बताया कि उनका भतीजा रितेश कुमार उर्फ मनीष कुमार शमशान घाट से लौट रहा था. इसी दौरान नाथ बाबा मंदिर के समीप कुछ अज्ञात अपराधियों ने उसे जबरन बाइक पर बैठाकर अपहरण कर लिया. घटना के कुछ ही देर बाद रितेश के भाई विशाल के पास फिरौती के लिए फोन कॉल आया, जिससे परिवार में दहशत फैल गई.

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर सदर एसडीपीओ गौरव पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की. सबसे पहले औद्योगिक थाना क्षेत्र के गोगौरा से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में उन्होंने खुलासा किया कि उनके अन्य साथी अपहृत युवक को उत्तर प्रदेश की ओर ले जा रहे हैं.

इसके बाद पुलिस ने गोलम्बर के पास घेराबंदी की. खुद को घिरता देख अपराधी घबरा गए और कुछ दूरी पर युवक को छोड़कर फरार हो गए. पुलिस ने तुरंत रितेश को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया.

पुलिस ने इस मामले में उपेन्द्र कुमार (बड़की सारिमपुर), अजीत मांझी (रामोबरिया) और धीरेन्द्र राम (उमरपुर) को गिरफ्तार किया है. वहीं फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है.

इस ऑपरेशन में सदर एसडीपीओ गौरव पाण्डेय, टाउन थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, डीआईयू प्रभारी सुधीर कुमार, चन्दन कुमार, राजीव रंजन एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे.











Post a Comment

0 Comments