बक्सर में ‘हीट लॉकडाउन’ लागू : दोपहर 12 से 4 बजे तक बाजार बंद, सड़कों पर भी रहेगी पाबंदी ..

केवल विशेष और आपात परिस्थितियों में ही वाहनों को संचालन की अनुमति मिलेगी. प्रशासन का कहना है कि दोपहर के समय तेज धूप और लू लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है, इसलिए यह कदम जरूरी हो गया था.





                               


  • भीषण गर्मी से बचाव के लिए प्रशासन का बड़ा कदम, बसों और सार्वजनिक वाहनों के परिचालन पर भी असर
  • अस्पताल, दवा दुकान, दूध और पेयजल सेवाओं को मिली राहत

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : भीषण गर्मी और लगातार चल रही लू ने बक्सर में हालात चिंताजनक कर दिए हैं. तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन “हीट लॉकडाउन” जैसा सख्त फैसला लागू कर दिया है. अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार द्वारा जारी आदेश के मुताबिक अब बक्सर अनुमंडल क्षेत्र में दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक सभी दुकानें, बाजार और अधिकतर सार्वजनिक गतिविधियां बंद रहेंगी.

प्रशासन के निर्देश के अनुसार इस अवधि में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का संचालन पूरी तरह रोक दिया गया है. वहीं बसों और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के परिचालन पर भी नियंत्रण लगाया गया है. केवल विशेष और आपात परिस्थितियों में ही वाहनों को संचालन की अनुमति मिलेगी. प्रशासन का कहना है कि दोपहर के समय तेज धूप और लू लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है, इसलिए यह कदम जरूरी हो गया था.

हालांकि आम लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई आवश्यक सेवाओं को इस प्रतिबंध से बाहर रखा गया है. अस्पताल, चिकित्सा सेवाएं, दवा दुकानें, दूध आपूर्ति, पेयजल सेवाएं और अन्य जरूरी आपातकालीन सुविधाएं पहले की तरह जारी रहेंगी.

जिला प्रशासन ने दुकानदारों, व्यापार मंडलों और परिवहन संचालकों से आदेश का पूरी तरह पालन करने की अपील की है. साथ ही लोगों को सलाह दी गई है कि दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बचें. अत्यधिक जरूरत होने पर ही बाहर जाएं और शरीर में पानी की कमी न होने दें.

प्रशासन का मानना है कि समय रहते उठाया गया यह कदम लोगों को लू और गर्मी से होने वाली गंभीर बीमारियों से बचाने में मदद करेगा. आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और अगले निर्देश तक प्रभावी रहेगा.












Post a Comment

0 Comments