वीडियो : मुख्यमंत्री की यात्रा में 'सुरक्षा चूक' पर गरमाया पारा, विधायक आनंद मिश्र ने प्रशासन को घेरा ..

उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम अगले दिन तड़के होना था, लेकिन रात 10 से 11 बजे तक भी संबंधित लोगों को स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई थी. उनके अनुसार इसी अव्यवस्था ने आगे चलकर सुरक्षा संबंधी सवाल खड़े कर दिए.






                               


  • “रात 10 बजे तक नहीं थी स्पष्ट जानकारी”, समन्वय की कमी को बताया बड़ी वजह
  • भविष्य में ऐसी घटना न दोहराने के लिए जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर बैठक करने की मांग

बक्सर टॉप न्यूज़,बक्सर : मुख्यमंत्री की हालिया बक्सर यात्रा के दौरान सामने आई कथित सुरक्षा चूक को लेकर जिले का राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है. मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बक्सर विधायक ने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने इसे किसी भी राज्य के लिए बेहद गंभीर मामला बताते हुए पूरी घटना को प्रशासनिक समन्वय की कमी का परिणाम बताया.

विधायक आनंद मिश्र ने कहा कि मुख्यमंत्री जैसे वीआईपी कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी केवल औपचारिक तैयारी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि हर स्तर पर स्पष्ट संवाद और समन्वय आवश्यक होता है. उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम अगले दिन तड़के होना था, लेकिन रात 10 से 11 बजे तक भी संबंधित लोगों को स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई थी. उनके अनुसार इसी अव्यवस्था ने आगे चलकर सुरक्षा संबंधी सवाल खड़े कर दिए.

उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी बड़े सरकारी दौरे की तैयारी केवल अधिकारियों के बीच बैठकर नहीं की जानी चाहिए. स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों को भी विश्वास में लेकर संयुक्त बैठक की जानी चाहिए, ताकि जमीनी स्तर पर बेहतर तालमेल बन सके और भीड़ प्रबंधन से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक हर पहलू मजबूत रहे.

विधायक ने मामले की जांच का समर्थन करते हुए कहा कि जांच तो अपनी प्रक्रिया के तहत होगी, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण यह सुनिश्चित करना है कि भविष्य में ऐसी चूक दोबारा न हो. उन्होंने प्रशासन को सतर्क रहने और वीआईपी कार्यक्रमों के दौरान अधिक जिम्मेदारी के साथ काम करने की सलाह दी.

विधायक के इस बयान के बाद जिले में प्रशासनिक कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई बहस शुरू हो गई है. अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि प्रशासन आगामी कार्यक्रमों में समन्वय और सुरक्षा व्यवस्था को कितना बेहतर बना पाता है.












Post a Comment

0 Comments