महर्षि विश्वामित्र विवाह महोत्सव में भक्ति और मानवता का संगम, देवी जागरण के साथ लगा महादान शिविर ..

महर्षि विश्वामित्र सामूहिक विवाह महोत्सव महायज्ञ का भव्य आगाज देवी जागरण और महादान शिविर के साथ हुआ. कार्यक्रम में एक ओर मां के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय बना रहा, तो दूसरी ओर रक्तदान शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर मानवता की मिसाल पेश की.








                               

  • गायक अरविन्द अकेला ‘कल्लू’ ने रक्तदान कर युवाओं को दिया प्रेरणादायक संदेश
  • किला मैदान में 55 रक्तवीरों ने किया रक्तदान, देर रात तक गूंजते रहे देवी भजन

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : धार्मिक आस्था, सामाजिक सरोकार और मानव सेवा का अनोखा संगम सोमवार को किला मैदान स्थित रामलीला मंच पर देखने को मिला, जहां महर्षि विश्वामित्र सामूहिक विवाह महोत्सव महायज्ञ का भव्य आगाज देवी जागरण और महादान शिविर के साथ हुआ. कार्यक्रम में एक ओर मां के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय बना रहा, तो दूसरी ओर रक्तदान शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर मानवता की मिसाल पेश की.

महर्षि विश्वामित्र सामूहिक विवाह महोत्सव महायज्ञ समिति द्वारा ब्यूटीफुल लाइफ ओनली ऑन डोनेटिंग ब्लड बक्सर के सहयोग से रक्तदान जागरूकता अभियान के तहत शाम चार बजे से महादान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्घाटन भोजपुरी गायक एवं अभिनेता अरविन्द अकेला उर्फ कल्लू ने स्वयं रक्तदान कर किया. उनके इस कदम से युवाओं में खास उत्साह देखने को मिला.

कार्यक्रम में सामूहिक विवाह महोत्सव के अध्यक्ष ओमजी यादव, राजा पाहवा, बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के सचिव सुमित कुमार मानसिंहका, ब्लड बक्सर के संस्थापक प्रियेश, उपाध्यक्ष रविशंकर शर्मा, सचिव प्रविव रंजन, कैंप कोऑर्डिनेटर नसीम नायक, रवि रंजन पांडेय और आदिल खान सहित कई लोग मौजूद रहे.

इसी के साथ महर्षि विश्वामित्र सामूहिक विवाह महोत्सव महायज्ञ का शुभारंभ देवी जागरण से हुआ. बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष एवं समाजसेवी रोहतास गोयल, सचिव सुमित मानसिंहका और ओमजी यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया. देर रात तक देवी गीतों और भजनों से माहौल भक्तिमय बना रहा.

रक्तदान शिविर में कुल 55 रक्तवीरों ने रक्तदान किया. अरविन्द अकेला ‘कल्लू’, गुलशन सिंह, रवि रंजन पांडेय, गोविंद कुमार, मो. आरिफ, मो. वसीम, अजीत कुमार, राहुल कुमार, सतीश पांडेय, महेश भौतिक, उमेश सिंह, सत्य प्रकाश जायसवाल, विजय केशरी, आनंद कुमार और राहुल वर्मा सहित कई युवाओं ने महादान में भाग लिया.

अध्यक्ष ओमजी यादव ने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकता है. उन्होंने बताया कि झारखंड से आए रक्तवीर रवि रंजन पांडेय समेत कई युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया. उन्होंने कहा कि ब्लड का कोई विकल्प नहीं है, इसलिए रक्तदान सबसे बड़ा महादान है.

कैंप कोऑर्डिनेटर नसीम नायक ने रक्तदान के फायदों की जानकारी देते हुए कहा कि इससे नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है और कई बीमारियों के खतरे को कम करने में मदद मिलती है. उन्होंने बताया कि रक्तदान से पहले और बाद में होने वाली जांचें पूरी तरह निःशुल्क होती हैं, जिससे व्यक्ति अपने स्वास्थ्य की स्थिति भी जान सकता है.

आदिल खान ने सभी सहयोगियों और रक्तदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि संस्था का उद्देश्य ब्लड बैंक में खून की कमी को दूर करना है. शिविर में रक्तदाताओं को मोमेंटो, अंगवस्त्र और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम को सफल बनाने में मां तपेश्वरी देवी ब्लड सेंटर, डॉ. मेजर पी.के. पांडेय, संतोष चौबे, मो. तहसीम शम्शी, बेबी, जय कुमार और शशि भूषण का विशेष योगदान रहा.












Post a Comment

0 Comments