गर्मी से राहत के लिए बदला कोर्ट का टाइम, सुबह 7:30 बजे से लगेगी अदालत ..

अदालतें अब सुबह 7:30 बजे से 10:00 बजे तक चलेंगी. इसके बाद 10:00 बजे से 10:30 बजे तक अवकाश रहेगा. अवकाश के बाद पुनः 10:30 बजे से 1:00 बजे तक कोर्ट की कार्यवाही जारी रहेगी. 







                               


- 13 अप्रैल से 27 जून तक लागू रहेगा नया शेड्यूल, दो पालियों में होगी सुनवाई
- बक्सर से लेकर डुमरांव तक सभी अदालतों पर लागू आदेश, बार एसोसिएशन के अनुरोध पर लिया गया फैसला

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर :भीषण गर्मी को देखते हुए बक्सर न्यायालय परिसर में अब अदालतों का समय बदल दिया गया है. प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के आदेश के अनुसार 13 अप्रैल 2026 से 27 जून 2026 तक कोर्ट की कार्यवाही सुबह के समय होगी. इस बदलाव का सीधा असर जिले के सभी न्यायालयों पर पड़ेगा, जिसमें डुमरांव अनुमंडल न्यायालय भी शामिल है.

जारी आदेश के मुताबिक, अदालतें अब सुबह 7:30 बजे से 10:00 बजे तक चलेंगी. इसके बाद 10:00 बजे से 10:30 बजे तक अवकाश रहेगा. अवकाश के बाद पुनः 10:30 बजे से 1:00 बजे तक कोर्ट की कार्यवाही जारी रहेगी. यानी पूरे दिन की सुनवाई को दो सत्रों में बांटा गया है, ताकि गर्मी के प्रभाव को कम किया जा सके.

यह निर्णय माननीय उच्च न्यायालय के पूर्व निर्देशों और जिला बार एसोसिएशन, बक्सर के महासचिव द्वारा भेजे गए अनुरोध पत्र के आधार पर लिया गया है. गर्मी के मौसम में अधिवक्ताओं, वादकारियों और न्यायिक कर्मियों को राहत देने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है.

इस आदेश की सूचना जिले के सभी न्यायालयों के साथ-साथ जिला प्रशासन, पुलिस अधीक्षक, केंद्रीय कारा, महिला कारा, सिविल सर्जन, कोषागार पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों को भेज दी गई है. साथ ही अभियोजन पदाधिकारी, सरकारी अधिवक्ता, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं बार एसोसिएशन को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है.

अब सुबह-सुबह कोर्ट लगने से वादकारियों को तपती दोपहर से राहत मिलेगी, वहीं न्यायिक प्रक्रिया भी सुचारु रूप से जारी रह सकेगी.













Post a Comment

0 Comments