मामूली झगड़े का खौफनाक अंजाम, बच्चों के विवाद में मां की पीट-पीटकर हत्या ..

पड़ोस की महिला कंचन देवी और उसकी पुत्रियों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी. गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई. सुनीता देवी दो पुत्र और तीन पुत्रियों की मां थीं.


 





                               



  • कनझरुआं गांव में सनसनी, चार के खिलाफ केस दर्ज
  • मुख्य आरोपित महिला व बड़ी पुत्री गिरफ्तार, नाबालिग भी न्यायिक हिरासत में 

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जिले के कोरानसराय थाना क्षेत्र के कनझरुआं गांव में बच्चों के मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जहां 44 वर्षीय महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. शनिवार की शाम उत्क्रमित उच्च विद्यालय के समीप हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित महिला और उसकी बड़ी पुत्री को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है.

मृतका की पहचान कनझरुआं गांव निवासी बीरबहादुर कानू की पत्नी सुनीता देवी (44 वर्ष) के रूप में हुई है. बताया जाता है कि शनिवार शाम करीब 7:30 बजे सुनीता देवी अपनी मां और पुत्री के साथ टहलने के लिए जा रही थीं. इसी दौरान पड़ोस की महिला कंचन देवी और उसकी पुत्रियों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी. गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई. सुनीता देवी दो पुत्र और तीन पुत्रियों की मां थीं.

घटना के पीछे बच्चों के बीच हुआ विवाद बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, मृतका का 12 वर्षीय पुत्र आकाश कुमार एक अप्रैल को ट्यूशन के दौरान पड़ोस की कंचन देवी की बेटी अंशिका से किसी बात को लेकर उलझ गया था. इसके बाद दो अप्रैल को कंचन देवी मृतका के घर शिकायत लेकर पहुंची थी, तभी से दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था, जो अंततः इस दर्दनाक घटना में बदल गया.

घटना की सूचना मिलते ही कोरानसराय थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. मृतका के परिजनों के बयान पर चार नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित कंचन देवी और उसकी बड़ी पुत्री अनीता कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग पुत्री को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. इसके अलावा कुछ अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है.











Post a Comment

0 Comments