मैट्रिक-इंटर के मेधावियों, धावकों और स्वच्छता योद्धाओं का भव्य सम्मान ..

समारोह के दौरान विद्यार्थियों को स्मार्ट वॉच, मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र और शॉल देकर सम्मानित किया गया. जिला पदाधिकारी ने सभी छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि सफलता का मूल मंत्र कठिन परिश्रम और जीवन मूल्यों को अपनाना है.

 





                               



  • गर्व और उत्साह से भर गया समाहरणालय परिसर
  • जिलाधिकारी के हाथों प्रतिभाओं का हुआ सम्मान 

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय परिसर बुधवार को उस समय गर्व और उत्साह से भर उठा, जब जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं, खेल प्रतिभाओं और गंगा स्वच्छता अभियान से जुड़े स्वयंसेवकों को एक साथ सम्मानित किया गया. इस समारोह में खास बात यह रही कि बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया, जिस पर जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला ने खुशी जताई और कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं.

शिक्षा विभाग, कला एवं संस्कृति विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम में मैट्रिक और इंटर परीक्षा 2026 के टॉपर्स को सम्मानित किया गया. समारोह के दौरान विद्यार्थियों को स्मार्ट वॉच, मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र और शॉल देकर सम्मानित किया गया. जिला पदाधिकारी ने सभी छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि सफलता का मूल मंत्र कठिन परिश्रम और जीवन मूल्यों को अपनाना है.

मैट्रिक परीक्षा में अनुपा कुमारी ने 97.6 प्रतिशत अंक लाकर पहला स्थान हासिल किया, जबकि इशा कुमारी और लक्ष्मी कुमारी समेत कई छात्राओं ने भी शानदार प्रदर्शन किया. वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में कला, वाणिज्य और विज्ञान संकाय के टॉपर्स में भी बेटियों का दबदबा देखने को मिला. कला संकाय में संगम कुमारी, वाणिज्य में स्नेहा कुमारी और विज्ञान में अभिषेक मौर्या ने पहला स्थान प्राप्त किया.

इस अवसर पर बिहार दिवस के तहत आयोजित “रन फॉर फिट” प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया. बालक वर्ग में सचिन कुमार, विकास कुमार पाल और चंदन कुमार सहनी को क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान मिला, जबकि बालिका वर्ग में चांदनी कुमारी, रूपा कुमारी और खुशबू कुमारी ने बाजी मारी. विजेताओं को 5000, 3000 और 2000 रुपये के चेक प्रदान किए गए.

गंगा स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले रूद्रा गुरुकुल, एनसीसी 30 बटालियन, वन प्रक्षेत्र बक्सर, हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड और खेल विभाग बक्सर को भी सम्मानित किया गया. इन संस्थाओं ने स्वच्छता रैली, वृक्षारोपण और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया.

समारोह के अंत में जिला प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों और संस्थाओं का आभार जताया और भविष्य में भी इसी तरह समाजहित में कार्य करने की अपील की.











Post a Comment

0 Comments